Neeraj Chopra ruled out of Asian Games : भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टखने की चोट के कारण बाकी सीजन से बाहर हो गए हैं। इस चोट की वजह से दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट को एशियाई खेलों और डायमंड लीग फाइनल से भी हटना पड़ा है। चोपड़ा ने डायमंड लीग में सीजन का अपना सबसे अच्छा थ्रो किया था और वे अच्छी फॉर्म में लग रहे थे। नीरज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह कन्फर्म किया कि चोट के कारण उन्होंने और उनकी टीम ने सीजन खत्म करने का फैसला किया है।
गोल्डन बॉय ने सोशल मीडिया साझा की जानकारी
नीरज ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखते हुए नीरज ने कहा, “काफी मेहनत के बाद, मुझे लगा कि मैं अपनी लय हासिल कर रहा हूं। मैंने लुसाने में इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो भी किया था। हालांकि, दुर्भाग्य से, उसके ठीक बाद ट्रेनिंग के दौरान मेरे टखने का लिगामेंट फट गया। अपने डॉक्टर और टीम से सलाह लेने के बाद, हमने फैसला किया है कि मैं बाकी सीजन 2026 में हिस्सा नहीं लूंगा।”
नीरज ने आगे कहा, “यह काफी निराशाजनक है, क्योंकि मैं अपनी लय पूरी तरह से वापस पाने के बहुत करीब था। हालांकि, जैसा कि कहा जाता है, ‘सफलता की यात्रा में बाधाएं और मुश्किलें आना स्वाभाविक है।’ अब मेरा पूरा ध्यान ठीक होने और जबरदस्त वापसी करने पर है। आपके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद।”
डायमंड लीग फाइनल के लिए किया क्वालिफाई
नीरज चोपड़ा के सीजन से बाहर होने का मतलब है कि वह एशियाई खेलों में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगे। नीरज लुसाने डायमंड लीग में दूसरे स्थान पर रहे। उन्होंने शुक्रवार को डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। इस सीजन में उन्होंने दो डायमंड लीग इवेंट्स में हिस्सा लिया और दोनों में दूसरे स्थान पर रहे।
19 जून को दोहा और 21 अगस्त को लुसाने में दूसरे स्थान पर रहने से उन्हें कुल 12 अंक मिले। वह स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रहे और 5 सितंबर को ब्रुसेल्स में होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। अब, टखने की चोट के कारण वह इस फाइनल में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
डायमंड लीग में नीरज का शानदार प्रदर्शन
इससे पहले, नीरज ने लुसाने डायमंड लीग में शानदार प्रदर्शन किया था और 88.05 मीटर के सीजन-बेस्ट थ्रो के साथ दूसरा स्थान हासिल किया था। हालांकि, उन्हें श्रीलंका के रुमेश थरंगा से कड़ी टक्कर मिली, जिन्होंने 88.14 मीटर के थ्रो के साथ खिताब जीता। नीरज ने इससे पहले 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था। वहीं, दोहा डायमंड लीग में उन्होंने 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया था।
एशियाई खेलों में नीरज ने दो बार गोल्ड मेडल जीता
नीरज चोपड़ा ने 2018 जकार्ता और 2023 हांग्जो एशियाई खेलों में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने ओलंपिक में भी शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने टोक्यो 2021 में गोल्ड और पेरिस 2024 में सिल्वर मेडल जीता। 2023 बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर नीरज एथलेटिक्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप का गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
‘गोल्डन बॉय’ पीठ की चोट से उबरकर वापसी कर रहे थे
‘गोल्डन बॉय’ के नाम से मशहूर नीरज पिछले साल सितंबर से पीठ के निचले हिस्से की चोट से जूझ रहे थे। इस वजह से उनके 2026 सीजन में देरी हुई। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में वापसी की। ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के समय भी वे पूरी तरह फिट नहीं थे। इसके बावजूद, उन्होंने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता। जबकि श्रीलंका के रुमेश थरंगा ने 89.75 मीटर के थ्रो के साथ गोल्ड मेडल जीता।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

