CPL 2026 Dasun Shanaka: श्रीलंकाई बल्लेबाज दासुन शनाका ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) 2026 के 25वें मैच में इतिहास रच दिया। सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के लिए खेलते हुए, शनाका ने लीग के इतिहास की सबसे तेज शतक लगाया। शनाका के ऐतिहासिक शतक की बदौलत, सेंट किट्स ने सेंट लूसिया किंग्स को 137 रनों के बड़े अंतर से हराया।
सेंट लूसिया किंग्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। जॉनसन चार्ल्स और काइल मेयर्स ने सेंट किट्स के लिए पारी की शुरुआत की। शुरुआत खराब रही और मेयर्स सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए; टीम का स्कोर 8 रन था जब उनका विकेट गिरा। यहां से चार्ल्स और फ्लेचर ने दूसरे विकेट के लिए 48 गेंदों में 81 रनों की साझेदारी की। चार्ल्स 23 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हुए।
शनाका का तूफानी शतक
इसके बाद, चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए दासुन शनाका और फ्लेचर ने तीसरे विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की। 13.1 ओवर में 128 के स्कोर पर फ्लेचर तीसरे विकेट के तौर पर आउट हुए। उन्होंने 38 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इसके बाद, वार्नर पार्क में ‘शनाका शो’ देखने को मिला। कोई भी गेंदबाज शनाका के तूफानी शॉट्स से बच नहीं सका। फ्लेचर के आउट होने के बाद, टीम के ज्यादातर रन शनाका के बल्ले से ही आए।
दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 43 गेंदों में नाबाद 121 रनों की पारी खेली जिसमें 12 छक्के और 8 चौके शामिल थे। उनका स्ट्राइक रेट 281.40 रहा। शनाका ने सिर्फ 39 गेंदों में अपनी सेंचुरी पूरी की, जो CPL इतिहास की सबसे तेज सेंचुरी है। क्रीज पर उनके साथ हसरंगा थे, जो 6 गेंदों पर 9 रन बनाकर नाबाद रहे। शनाका ने आखिरी ओवर में जमकर कहर बरपाया और अकेले 28 रन बटोर ठोक दिए। कियोन गैस्टन के इस ओवर में उन्होंने 4 छक्के और एक चौका जड़ा। पेट्रियट्स ने आखिरी 5 ओवरों में कुल 93 रन ठोक दिए, जिसमें 10 छक्के शामिल रहे। जिससे टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 235 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
98 रनों पर सिमट गई सेंट लूसिया
236 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, सेंट लूसिया की टीम 13.5 ओवर में सिर्फ 98 रनों पर ऑलआउट हो गई और 137 रनों के बड़े अंतर से मैच हार गई। अगर ओपनर टिम सीफर्ट ने 36 गेंदों पर 50 रनों की पारी न खेली होती, तो हार का अंतर और भी बड़ा हो सकता था। सेंट किट्स के लिए जेरेमिया लुईस ने 2.5 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट लिए। वानिंदु हसरंगा और एशमीड नेड ने दो-दो विकेट लिए, जबकि नसीम शाह ने एक विकेट लिया। दासुन शनाका को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
शनाका ने तोड़ कई बड़े रिकॉर्ड
दासुन शनाका ने CPL के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाया। इस मैच में, शनाका 10वें ओवर में चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए, जब सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स की पारी में 64 गेंदें बची थीं। उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और विरोधी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। शनाका ने तेजी से अर्धशतक पूरा किया और फिर सिर्फ 39 गेंदों में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। इस कारनामे के साथ, वे CPL के इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले, सबसे तेज CPL शतक का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से आंद्रे रसेल, टिम सीफर्ट और शिमरोन हेटमायर के नाम था। इन तीनों खिलाड़ियों ने 40 गेंदों में शतक बनाए थे, लेकिन शनाका ने एक गेंद कम खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
CPL में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज
39 गेंद – दासुन शनाका (श्रीलंका)
40 गेंद – आंद्रे रसेल (वेस्टइंडीज)
40 गेंद – टिम साइफर्ट (वेस्टइंडीज)
40 गेंद – शिमरोन हेटमायर (वेस्टइंडीज)
41 गेंद – शाई होप (वेस्टइंडीज)
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

