Pakistan Mosque Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत (Khyber Pakhtunkhwa) में शुक्रवार को दिल दहला देने वाली घटनी सामने आई है। यहां कोहाट ज़िले के पुलिस लाइंस इलाके में एक मस्जिद के पास हुए ज़बरदस्त धमाके में 15 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं। जबकि हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यह धमाका जुमे की नमाज के दौरान हुआ, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। जिला मुख्यालय (DHQ) अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ताहिर अली शाह ने बताया कि अस्पताल में 15 शव और 50 से ज्यादा घायल लोग लाए गए हैं। घायलों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।
धमाके से आस-पास की इमारतें हुईं क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक धमाका इतना जबरदस्त था कि मस्जिद का बाहरी हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। साथ ही घटनास्थल पर एक बड़ा गड्ढा बन गया। पुलिस के अनुसार विस्फोटक से लदा एक वाहन ओल्ड पुलिस लाइन्स के गेट से टकराया, जिससे धमाका हुआ। धमाके से मस्जिद का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एक दीवार गिर गई। बताया जा रहा है कि धमाके में आस-पास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुईं। घटना के तुरंत बाद पुलिस लाइंस इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए। मलबे को हटाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया। फिलहाल बचाव अभियान जारी है।
पुलिस लाइंस के गेट से टकराया विस्फोटकों से भरा वाहन
खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (IGP) जुल्फिकार हमीद ने मुताबिक, यह एक आत्मघाती हमला था। उन्होंने बताया कि वाहन के गेट से टकराते ही धमाका हुआ और उसके बाद गोलीबारी शुरू हो गई। IGP के अनुसार खैबर पख्तूनख्वा पुलिस आतंकवाद के खिलाफ मजबूती से डटी हुई है और ऐसे हमले पुलिसकर्मियों का हौसला नहीं तोड़ सकते। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा और आतंकवादियों और उनके साथियों को इस हरकत की कीमत चुकानी होगी।
10 सितंबर को बलूचिस्तान में हुआ था हमला
गौरतलब है कि यह धमाका ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान खासकर खैबर पख्तूनख्वा (Khyber Pakhtunkhwa) और बलूचिस्तान प्रांतों में कानून लागू करने वाले कर्मियों को निशाना बनाकर किए जा रहे हमलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। इससे पहले, 10 सितंबर को अज्ञात हमलावरों ने बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले के कंक इलाके में एक पुलिस चौकी को निशाना बनाया था, जिसमें एक पुलिस कांस्टेबल की मौत हो गई थी और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया था। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया।
इस्लामाबाद स्थित थिंक टैंक ‘पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज’ की मासिक सुरक्षा रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई में 144 हमलों की तुलना में अगस्त में पाकिस्तान में 199 आतंकी हमले दर्ज किए गए। अगस्त में हुए इन हमलों में 158 लोगों की जान चली गई और 181 लोग घायल हो गए। वहीं जनवरी से अब तक पाकिस्तान में आतंकवाद से जुड़ी 990 घटनाएं हुई हैं, जिनमें 1,129 लोगों की मौत हुई है।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

