वाराणसीः उत्तर प्रदेश के कई स्कूलों को धमकी भरे ईमेल मिले हैं, जिनमें उन्हें बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई है। ये ईमेल ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए हैं। अयोध्या, मथुरा और काशी के स्कूलों को भी ऐसे ईमेल मिले हैं। इन संदेशों में 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच बम धमाके होने की चेतावनी दी गई है। खास तौर पर, उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहरों के स्कूलों को निशाना बनाते हुए, दिवाली के दौरान बम हमलों की धमकी दी गई है।
ईमेल में साफ तौर पर अयोध्या, मथुरा और काशी में बम धमाके करने की धमकी दी गई है, और कहा गया है कि ये हमले 8 नवंबर से 27 नवंबर के बीच होंगे। साइबर सेल ने इन धमकी भरे ईमेल की जांच शुरू कर दी है, और उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) को भी इन ईमेल के पीछे के आतंकी नेटवर्क का पता लगाने का काम सौंपा गया है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी को दीपावली पर्व के दौरान बम विस्फोट की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। यह ईमेल खालिस्तान नेशनल आर्मी के नाम से बुधवार शाम वाराणसी नगर निगम के आधिकारिक वेबसाइट पर भेजा गया है। इसमें धमकी भरे लहजे में दीपावली के अवसर पर काशी में विस्फोट करने की धमकी दी गई है। ईमेल मिलने के बाद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तत्काल इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामला काफी गंभीर माना जा रहा है। इसलिए इसकी गंभीरता को देखते हुए काशी को अलर्ट करते हुए केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ कमिश्नरेट पुलिस भी सतर्क की गई है।
मेल भेजने वाले स्थान की अभी पुष्टि नहीं
दीवाली के त्योहार पर जहां पूरी काशी में जगमग करने में लोग लगे थे, वहीं अब दहशत का माहौल बना दिया गया है। यद्यपि मेल भेजने वाले स्थान की अभी पुष्टि नहीं की गई है। इसकी जांच चल रही है। अधिकारियों के निर्देश पर शहर के संवेदनशील और प्रमुख संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था करना प्रशासन के लिए पहली जिम्मेदारी है। इसलिए सुरक्षा के मद्देनजर काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), केंद्रीय विद्यालय, नगर निगम मुख्यालय और प्रमुख मंदिरों में अतिरिक्त सतर्कता विभिन्न धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक भवनों पर नजर रखी जा रही है। नगर निगम मुख्यालय को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सिगरा पुलिस ने परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है।
स्कूलों की बढ़ाई गई सुरक्षा
ज्यादातर स्कूल कालेज इन दिनों दीवाली के मौके पर बंद रहते हैं, जहां खुले हुए हैं, वहां भी सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए हैं। यहां आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। हर संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी की जा रही है। धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मेल के भेजने वाले स्थान की जांच पर ज्यादा जोर दे रहे हैं। इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं। यदि यह कड़ी सुलझा लिया जाएगा, तो बाकी चीजें सरल हो जाएंगी। फिलहाल, शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
आधी रात बढ़ती है अन्नपूर्णा मठ मंदिर में भीड़
धनतेरस के मौके पर अन्नपूर्णा मठ मंदिर में आधी रात के बाद भीड़ बढ़ जाती है। यहां की सुरक्षा के लिए विशेष उपाय किए जा रहे हैं। पुलिस अफसरों को वहां अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। डीएम सत्येंद्र कुमार और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने इन स्थानोें पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। मंहत शंकरपुरी से भी मिलेे। मंदिर प्रबंधन से वहां की सुरक्षा के तरीकों पर सवाल किए। वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल से जानकारी मिली है कि खालिस्तान नेशनल आर्मी के ईमेल में 8 नवंबर का जिक्र है। इस दिन दीपावली है। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, सेंट्रल हिंदू स्कूल, नगर निगम कार्यालय और प्रमुख मंदिरों का जिक्र किया गया है।
भीड़ वाले स्थानों पर बढ़ाई गई गश्त
वाराणसी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पहले से ही अलर्ट जारी है। जब धमकी भरा ईमेल मिला, उसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों को और अधिक सतर्क किया गया है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा है कि शहर के सभी संवेदनशील इलाकों में जवान तैनात हैं। हर जगह पर गश्त की जा रही है। कई स्थानों पर सीसीटीवी लगाए गए हैं। मेल के बारे में साइबर सेल की टीम जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाला अज्ञात व्यक्ति है। उसकी पहचान करने और उसकी लोकेशन ट्रेस कर लिया जाएगा। इसके लिए टीम काम कर रही है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर, प्रमुख घाटों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में हर व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। नगर निगम मुख्यालय और मेयर कार्यालय समेत विभिन्न महत्वपूर्ण प्रशासनिक दफ्तरों में एंटी-सबोटेज टीम के साथ चेकिंग अभियान चलाया गया।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

