कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने मचाई, 132 मौतें, 1500 से ज्यादा घर तबाह

Colombia Earthquake: पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार सुबह आए 7.4 तीव्रता के भीषण भूकंप में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है, जबकि 570 से अधिक नागरिक घायल हुए हैं। सोमवार सुबह 7:34 बजे आए इस झटके का असर बड़े पैमाने पर देखा जा रहा है। सरकार स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव अभियान में जुट गई है। कोलंबियन जियोलॉजिकल सर्विस के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र चोको डिपार्टमेंट के सैन होस डेल पाल्मार के पास जमीन से 96 किलोमीटर

Written By :

SK Sharma

Updated

August 11, 2026

colombia-earthquake

Colombia Earthquake: पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार सुबह आए 7.4 तीव्रता के भीषण भूकंप में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इस प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 132 हो गई है, जबकि 570 से अधिक नागरिक घायल हुए हैं। सोमवार सुबह 7:34 बजे आए इस झटके का असर बड़े पैमाने पर देखा जा रहा है। सरकार स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहत और बचाव अभियान में जुट गई है। कोलंबियन जियोलॉजिकल सर्विस के अनुसार, इस भूकंप का केंद्र चोको डिपार्टमेंट के सैन होस डेल पाल्मार के पास जमीन से 96 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। झटके इतने तेज थे कि प्रभावित इलाकों में बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है।

कोलंबिया में भूकंप ने भारी तबाही

देश के राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रिएला ने राजधानी बोगोटा में नुकसान की जानकारी साझा करते हुए बताया कि आपदा के कारण कम से कम 1,575 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इसके अलावा, देश के छह हवाई अड्डों के बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते वहां से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आपदा की भयावहता को देखते हुए कोलंबियाई सरकार ने सोमवार को ही पूरे देश में ‘राष्ट्रीय आपदा’ की स्थिति घोषित कर दी थी। जियोलॉजिकल सर्विस लगातार प्रभावित क्षेत्रों के नगर प्रमुखों और स्थानीय टीमों के संपर्क में है, ताकि प्राथमिक जरूरतों की पहचान कर त्वरित मदद पहुंचाई जा सके।

दुनिया भर के नेताओं ने व्यक्त की संवेदना

इस भयावह त्रासदी के बाद दुनिया भर के प्रमुख नेताओं ने कोलंबिया के प्रति संवेदना व्यक्त की है और मदद की पेशकश की है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “कोलंबिया में आए इस भयानक भूकंप के बाद मैं फ्रांस की ओर से कोलंबिया के लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मेरी सोच पीड़ितों, उनके परिवारों, घायलों और इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ है। इस कठिन समय में कोलंबिया हमारी दोस्ती और समर्थन पर भरोसा कर सकता है।” उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने भी आपदा पर दुख जताते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सहायता की अपील की है। जेलेंस्की ने कहा, “जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति हमारी संवेदनाएं हैं, और हम इस आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। हम दुनिया भर के उन लोगों से अपील करते हैं जो मदद कर सकते हैं कि वे आगे आएं और प्रभावित लोगों की सहायता करें।”

96 किलोमीटर की गहराई में था भूकंप का केंद्र

इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने भी स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि वह राहत और बचाव कार्यों से जुड़ी जानकारियों पर लगातार नजर रख रही हैं। मेलोनी के अनुसार, इटली इस संकट की स्थिति में कोलंबियाई नागरिकों और बचाव दलों के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल मलबे में फंसे लोगों को निकालने और घायलों तक चिकित्सा सहायता पहुंचाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। भूकंप का मुख्य केंद्र चोको डिपार्टमेंट का सैन होस डेल पाल्मार क्षेत्र रहा, जो पश्चिमी कोलंबिया का एक प्रमुख हिस्सा है। 96 किलोमीटर की गहराई में आए इस भूकंप का असर केवल कोलंबिया तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका प्रभाव पड़ोसी देश इक्वाडोर के कुछ सीमावर्ती इलाकों में भी दर्ज किया गया।


ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग

ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)