Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने क्रिकेट के मैदान के बाद अब सियासी मैदान में अपनी नई पारी का आगाज कर दिया है। चहल आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। भारत में शामिल होते ही पार्टी ने उन्हें एक अहम जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी ने चहल को भाजपा के ‘राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा’ की नई कार्यकारिणी समिति में ‘विशेष आमंत्रित सदस्य’ नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश पर की गई है। पार्टी ने राष्ट्रीय पदाधिकारियों, कार्यसमिति के सदस्यों और विशेष आमंत्रित सदस्यों की एक नई सूची जारी की है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
भारतीय जनता पार्टी ने घोषणा की है कि क्रिकेटर युजवेंद्र चहल पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी के ओबीसी मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में ‘विशेष आमंत्रित’ सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर वाली इस सूची में ओडिशा से प्रो. अद्वैत चरण नायक, दिल्ली से युजवेंद्र सिंह चहल और उत्तर प्रदेश से अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा शामिल हैं।
इन्हें भी मिली नई जिम्मेदारी
दरअसल शनिवार को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की नई कार्यकारिणी समिति के गठन में भाजपा ने कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जोगेन मोहन (असम), ममता मोहंता (ओडिशा), संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद (उत्तर प्रदेश), बबनराव राजी चौधरी (महाराष्ट्र), सत प्रकाश राणा (दिल्ली) और डॉ. अर्जुन साहनी (बिहार) को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही, राजेंद्र यादव (दिल्ली), प्रमोद मध्वराज (कर्नाटक) और ललित गंगराकर (छत्तीसगढ़) को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उत्तर प्रदेश के राधेश्याम यादव को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष, दिल्ली के संजय कुमार गुप्ता को राष्ट्रीय कार्यालय सचिव और दिल्ली के डॉ. अरुण यादव को राष्ट्रीय संयुक्त कार्यालय सचिव नियुक्त किया गया है।
पार्टी का चहल ने जताया आभार
भाजपा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए, चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा: “भाजपा परिवार में मुझे जगह और सम्मान देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष अमरपाल मौर्य का तहे दिल से धन्यवाद करता हूं।”
टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं चहल
गौरतलब है कि हरियाणा के 36 वर्षीय लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ने 2016 में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। हाल ही में चहल ने फर्स्ट-क्लास/रेड-बॉल (टेस्ट) क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। हालांकि वह वनडे और टी20 जैसे व्हाइट-बॉल फॉर्मेट में खेलना जारी रखेंगे। भारत के लिए 72 वनडे और 80 टी20 मैच खेल चुके चहल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुल 217 विकेट लिए हैं। वे 2019 क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।
उन्होंने आखिरी बार अगस्त 2023 में टीम इंडिया के लिए मैदान में कदम रखा था। अपनी लेग-स्पिन गेंदबाजी और मिडिल ओवरों में विकेट लेने की क्षमता के लिए मशहूर चहल ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी शानदार प्रदर्शन किया है। आईपीएल में वे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों के लिए खेल चुके हैं। पिछले सीजन में, चहल पंजाब की टीम की ओर से एक IPL मैच में खेले थे।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

