IND vs NZ 4th T20: भारत बनाम न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला शुक्रवार ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को 87 रनों से करारी शिकस्त दी। रनों के लिहाज से यह न्यूजीलैंड की भारत के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2019 में भारत को 80 रनों से हराया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने ग्लेन फिलिप्स के तूफानी शतक के दम पर 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 172 रन ही बना सकी।
भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह फेल
न्यूजीलैंड द्वारा मिले 260 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही। संजू सैमसन सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे नंबर पर आए ईशान किशन अपना खाता खोले बिना ही पवेलियन लौट गए। हालांकि अभिषेक शर्मा ने कुछ दमदार शॉट खेले और 15 गेंदों में 27 रन बनाए, लेकिन फिर मैथ्यू फिशर का शिकार बन गए।
जैकब डफी ने झटके चार विकेट
इसके बाद क्रीज पर आए कप्तान श्रेयस अय्यर भी कोई खास कमाल नहीं दिखा सके और 11 गेंदों में 22 रन बनाए आउट हो गए। इसके अलावा अक्षर पटेल 7, नीतीश कुमार रेड्डी 21 और नमन धीर ने 28 रनों का योगदान दिया। हालांकि तिलक वर्मा एक छोर पर खड़े रहे और सबसे ज्यादा 35 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी की और अपने 4 ओवरों में 23 रन देकर 4 विकेट लिए। वहीं, कप्तान मिचेल सेंटनर ने अपने 4 ओवरों में 24 रन देकर 2 विकेट चटकाए। मैथ्यू फिशर ने भी 2 विकेट हासिल किए।
न्यूजीलैंड ने बनाए थे 259 रन
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने अपने 20 ओवरों में 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए थे। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही, क्योंकि टिम सीफर्ट मयंक यादव की गेंद पर सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद, फिन एलन और डेरिल मिशेल ने दूसरे विकेट के लिए 11 गेंदों में 29 रन जोड़े। मिशेल 9 गेंदों में 24 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एलन 17 गेंदों में 31 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
ग्लेन फिलिप्स ने ठोका शतक
हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स ने मोर्चा संभाला और सिर्फ 49 गेंदों में 107 रनों की तूफानी पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 6 चौके और 10 छक्के लगाए। वहीं, माइकल ब्रेसवेल ने भी सिर्फ 25 गेंदों में 65 रनों की दमदार पारी खेली। भारत की ओर से मयंक यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 48 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा, प्रिंस यादव, अक्षर पटेल और नीतीश कुमार रेड्डी ने एक-एक विकेट लिया। पांच मैचों की टी20 सीरीज में न्यूजीलैंड की यह पहली जीत है। हालांकि, भारतीय टीम पहले ही सीरीज में 3-1 की बढ़त बना चुकी है।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

