Chamoli Helicopter Crash: बद्रीनाथ धाम में हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत सभी 6 लोगों की मौत

Chamoli Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। खराब मौसम के बीच बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। इस सूचना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिली है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। पायलट समेत सभी यात्रियों की मौत हो गई। खराब मौसम के बावजूद बचाव अभियान जारी है। खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही बाधा चमोली प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, ‘ट्रांस भारत एविएशन’ का

Written By :

SK Sharma

Updated

October 30, 2026

Helicopter crash

Chamoli Helicopter Crash: उत्तराखंड के चमोली जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। खराब मौसम के बीच बद्रीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। इस सूचना से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना मिली है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे। पायलट समेत सभी यात्रियों की मौत हो गई। खराब मौसम के बावजूद बचाव अभियान जारी है।

खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही बाधा

चमोली प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, ‘ट्रांस भारत एविएशन’ का यह हेलीकॉप्टर (VT-HCX) बद्रीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ था। इसने दोपहर 1:12 बजे बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी। इस हेलीकॉप्टर में छह लोग सवार थे। खबरों के मुताबिक, बद्रीनाथ धाम और जोशीमठ के बीच हेलीकॉप्टर लापता हो गया। आखिरी बार इसका संपर्क जोशीमठ के सामने ‘हाथी पहाड़’ के पीछे एक पहाड़ी पर स्थित सेना की चौकी के पास हुआ था। इसके बाद से हेलीकॉप्टर से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। घटनास्थल पर एक मेडिकल टीम भेजी गई है। यह भी पुष्टि हो गई है कि हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। खराब मौसम के कारण बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। प्रशासन और भारतीय सेना की टीमें तलाशी अभियान में जुटी हुई हैं।

चट्टान से टकराने की आशंका

सूत्रों के अनुसार, आशंका है कि हेलीकॉप्टर एक चट्टान से टकराने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर की आखिरी लोकेशन जोशीमठ के चाई गांव के पास मिली थी। उप-विभागीय मजिस्ट्रेट (SDM) के नेतृत्व में एक बचाव दल को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि सेना मौके पर पहुंच चुकी है। साथ ही सेना ने रेस्क्यू की कमान भी संभाल ली है। मृतकों के शवों को लाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि विमान में सवार सभी यात्री बेंगलुरु के रहने वाले हैं।

सीएम धामी ने जताया दुख, घायलों को एयरलिफ्ट करने के निर्देश

उधर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट करते हुए कहा: “जोशीमठ के चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुखद खबर मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF द्वारा संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मैं खुद स्थिति पर नजर रखे हुए हूं। मैंने निर्देश दिए हैं कि जो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत एयरलिफ्ट करके बड़े अस्पताल पहुंचाया जाए। मैं ईश्वर से सभी यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना करता हूं।”

चार धामों में प्रमुख है बदरीनाथ धाम

बद्रीनाथ धाम भगवान विष्णु को समर्पित एक अत्यंत प्रसिद्ध और पवित्र हिंदू मंदिर है, जो भारत के उत्तराखंड राज्य के चमोली जिले में स्थित है। यह ‘चार धाम’ के नाम से प्रसिद्ध चार प्रमुख तीर्थस्थलों में से एक है। इसे ‘भू-वैकुंठ’ भी कहा जाता है। यानी, पृथ्वी पर भगवान विष्णु का स्वर्ग। पौराणिक कथाओं के अनुसार, भगवान विष्णु ने यहां तपस्या की थी। उन्हें कठोर मौसम से बचाने के लिए, देवी लक्ष्मी ने ‘बदरी’ (बेर) के पेड़ का रूप ले लिया था; इसी वजह से इस जगह का नाम ‘बद्रीनाथ’ पड़ा।

माना जाता है कि इसी स्थान पर भगवान विष्णु के अवतार, ऋषियों नर और नारायण ने तपस्या की थी। भारी बर्फबारी के कारण, यह मंदिर साल में केवल छह महीने अप्रैल-मई से नवंबर तक ही तीर्थयात्रियों के लिए खुला रहता है। सर्दियों के महीनों में, भगवान की मूर्ति को पास के शहर जोशीमठ ले जाया जाता है।


ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत

ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)