Kaylee Hottle Death: हॉलीवुड की उभरती युवा एक्ट्रेस केली हॉटल का एक भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। वह महज 18 साल की थी। गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग (Godzilla vs Kong) और गॉडज़िला x कॉन्ग: द न्यू एम्पायर (Godzilla x Kong: The New Empire) में जिया का यादगार किरदार निभाने वाली मूक-बधिर एक्ट्रेस केली की मौत खबर से हॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। किसी को भी याकिन नहीं हो रहा कि केली हॉटल अब इस दुनिया में नहीं रही।
कैसे हुआ सड़क हादसा
यह हादसा मंगलवार तड़के अमेरिका के मैरीलैंड के इजाम्सविले इलाके में हुआ। फ्रेडरिक काउंटी शेरिफ ऑफिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:00 बजे हुआ, जब 1995 मॉडल की होंडा एकॉर्ड कार में दो अन्य लोगों के साथ सवार थीं। इस दौरान कार अचानक सड़क से उतरकर पुलिया से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल केली (Kaylee Hottle) को अस्पताल ले जाते समय कार्डियक अरेस्ट हुआ और मेडिकल टीम की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके अलावा 19 साल के ड्राइवर को मामूली चोटें आईं। अधिकारियों का मानना है कि तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।
पिता ने की मौत की पुष्टि
अमेरिकी एक्ट्रेस Kaylee Hottle की मौत अमेरिका के मैरीलैंड में एक सड़क हादसे में हुई। उनके पिता जोशुआ हॉटल (Joshua Hottle) ने अमेरिकन साइन लैंग्वेज का इस्तेमाल करते हुए फेसबुक लाइव स्ट्रीम के जरिए उनके निधन की दुखद खबर साझा की। बाद में उन्होंने TMZ को भी इस खबर की पुष्टि की।
हॉलीवुड सितारों ने जताया शोक
केली के निधन पर हर कोई दुखी है। कई हॉलीवुड स्टार्स ने भी दुख जताया है। उनकी को-स्टार मिली बॉबी ब्राउन ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “यह खबर सुनकर मेरा दिल टूट गया है। आपकी बहुत याद आएगी।” वहीं, ऑस्कर विजेता एक्टर ट्रॉय कोत्सुर ने कहा कि केली की मौत ने उन्हें अपनी बेटी की याद दिला दी और उन्हें ज़िंदगी के हर पल की अहमियत का एहसास कराया। ऑस्कर विजेता एक्ट्रेस मार्ली मैटलिन ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक टैलेंटेड और खूबसूरत कलाकार बताया।
कौन थीं Kaylee Hottle
2007 में जॉर्जिया में जन्मीं केली ने अपना बचपन टेक्सास, USA में बिताया। टेक्सास स्कूल फॉर द डेफ की छात्रा केली हॉटल ने महज 9 साल की उम्र में अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी। साल 2021 में उन्होंने ‘गॉडज़िला’ फिल्मों में जिया का किरदार निभाया था, जो साइन लैंग्वेज के जरिए विशालकाय ‘कॉन्ग’ के साथ भावनात्मक जुड़ाव बनाती है। फिर साल 2024 में केली ‘गॉडजिला वर्सेस कॉन्ग’ में भी इसी भूमिका में नजर आई थीं। इस फिल्म के लिए सैटर्न अवॉर्ड्स में ‘बेस्ट यंगर परफॉर्मर’ कैटेगरी में भी नॉमिनेट किया गया था।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

