अयोध्या: यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर बढ़ता जा रहा है। खासकर बीजेपी और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो रही है। भाजपा के नेता सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साध रहे हैं। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। केशव मौर्य का दावा है कि जिस प्रकार से दिल्ली, हरियाणा, बिहार, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और असम में भारतीय जनता पार्टी सफलता हासिल कर सत्ता पर काबिज हुई है, उसी प्रकार से यूपी में भी लगातार तीसरी बार कमल खिलेगा और बीजेपी हैट्रिक लगाते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
गुंडों को संरक्षण देने वाले नहीं हो सकते सपा
अयोध्या में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि वर्ष 2047 तक समाजवादी पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश में जनता का भरोसा जीतने के लिए कोई जगह नहीं है। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि केंद्र की सत्ता में कांग्रेस और राहुल गांधी की वापसी भी नहीं होगी। वहीं, यूपी में भी समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव सत्ता में नहीं आ पाएंगे। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया और जयप्रकाश नारायण ने समाजवाद के सच्चे आदर्शों को बनाए रखा था। गुंडों को संरक्षण देने वाले लोग समाजवादी कतई नहीं हो सकते हैं। डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर कुछ वर्गों को खुश करने की राजनीति करने और भगवान राम के भक्तों पर गोली चलवाने और भगवान शिव के भक्तों पर लाठीचार्ज करवाने का आरोप भी लगाया।
दंगाइयों को बचाने वाले राष्ट्रवादी नहीं हो सकते
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि दंगा करने वालों को बचाने वाले लोग समाजवादी या राष्ट्रवादी अथवा हिंदू राष्ट्रवादी नहीं हो सकते हैं। उपमुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि सपा प्रमुख अपने बयानों से अयोध्या की जनता को बरगलाने का प्रयास न करें। इससे सपा प्रमुख को सफलता मिलने वाली नहीं है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भगवान राम के जन्मस्थान अयोध्या धाम आना बड़े सौभाग्य की बात है। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव हरीश द्विवेदी की माताजी का कुछ दिन पूर्व ही निधन हो गया था। वह हरीश द्विवेदी की माताजी की शोकसभा में सम्मिलित होने और श्रद्धांजलि देने के लिए अयोध्या आए थे।
विधान परिषद की सभी सीटें जीतेगी भाजपा
यूपी में 11 विधान परिषद सीटों के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भरोसा जताया कि विधान परिषद की सभी 11 सीटों पर बीजेपी के उम्मीदवार अपना परचम लहराएंगे। विधान परिषद चुनाव में भी सपा का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा। डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी लगातार तीसरी बार सत्ता पर अपना कब्जा जमाएगी। केशव मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में अयोध्या सीट पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी की जीत के बाद सपा में जो अहंकार पनपा है, वह जल्दी ही टूट जाएगा। डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर समाजवाद का नकली चोला पहनकर जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

