पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, तीन विधायकों ने थामा बीजेपी का दामन

नई दिल्लीः पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि पिछले दो दिनों में तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। सोमवार को ये बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। आप के बागी विधायक-कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा सोमवार को दिल्ली में बीजेपी ज्वाइन कर ली। इन विधायकों ने दिया इस्तीफा इससे पहले, इन तीनों विधायकों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा में शामिल होने

Written By :

SK Sharma

Updated

November 2, 2026

aap

नई दिल्लीः पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। इस बीच, आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लगा है, क्योंकि पिछले दो दिनों में तीन विधायकों ने पार्टी छोड़ दी है। सोमवार को ये बागी विधायक भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। आप के बागी विधायक-कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा सोमवार को दिल्ली में बीजेपी ज्वाइन कर ली।

इन विधायकों ने दिया इस्तीफा

इससे पहले, इन तीनों विधायकों ने आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। भाजपा में शामिल होने से पहले, आप से निलंबित विधायक और पूर्व IPS अधिकारी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पंजाब विधानसभा की अपनी सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया। अमृतसर उत्तर से विधायक रहे कुंवर विजय प्रताप सिंह लंबे समय से अपनी ही पार्टी के नेतृत्व की आलोचना कर रहे थे। जून 2021 में, पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों के चलते आप ने उन्हें पांच साल के लिए निलंबित कर दिया था।

इसके अलावा, पटियाला जिले के समाना विधानसभा क्षेत्र से विधायक चेतन सिंह जौरामाजरा और सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने भी एक दिन पहले आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, पार्टी ने कहा कि अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत इन दोनों विधायकों को पार्टी से निकाल दिया गया था।

भाजपा में शामिल होने के बाद क्या बोले- कुंवर विजय प्रताप सिंह

भाजपा में शामिल होने पर कुंवर विजय प्रताप ने कहा, “पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) खत्म हो चुकी है; अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने खुद ही इसका अंत कर दिया है। असल में, अब आम आदमी पार्टी का कोई वजूद नहीं बचा है। अब पंजाब में भी ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी। अपराध दर की बात करें तो मैंने अमृतसर में SP के तौर पर काम किया है; 2007, 2008 और 2009 में हमने ड्रग्स की समस्या और अपराध, दोनों को पूरी तरह से खत्म कर दिया था। लेकिन, मेरे जाने के बाद हालात कभी दोबारा काबू में नहीं आ सके।” कुंवर विजय प्रताप सिंह ने आगे कहा, “इस समय पंजाब में गैंगस्टरों का राज है; पिछले पांच साल मैंने कैसे काटे हैं, यह सिर्फ मुझे ही पता है।”

भाजपा का कुनबा दिन-ब-दिन बढ़ रहा-केवल सिंह

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, “बीजेपा का कुनबा दिन-ब-दिन बढ़ रहा है। यह बहुत खुशी की बात है कि कुंवर विजय प्रताप सिंह, हरमीत सिंह पठानमाजरा और चेतन सिंह जौरामाजरा बीजेपी में शामिल हुए हैं। मैं तहे दिल से उनका धन्यवाद करता हूं। आम आदमी पार्टी एक डूबता हुआ नाव है।”

आप ने दी कड़ी प्रतिक्रिया

इस पूरे मामले पर, पंजाब AAP के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने ‘X’ (ट्विटर) पर लिखा, “आम आदमी पार्टी ने हमेशा पंजाब को प्राथमिकता दी है। अगर हमारे किसी नेता ने कभी भ्रष्टाचार किया है या पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने की कोशिश की है, तो हमने बिना किसी हिचकिचाहट के उनके खिलाफ कार्रवाई की है और ऐसे लोगों को पार्टी से बाहर निकाला है।”बहरहाल, दो दिन में तीन विधायकों के इस्तीफे के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी के भीतर राजनीतिक संकट गहरा गया है।


ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत

ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)