Vietnam Boat Accident: दक्षिणी वियतनाम में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास समुद्र में भारतीय पर्यटकों से भरी एक नाव पलट गई। जिसमें 15 भारतीयों की मौत हो गई, जबकि 21 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया। भारतीय दूतावास अभी स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहा है और स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है। प्रभावित परिवारों की मदद के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में इमरजेंसी रिस्पॉन्स सेंटर भी बनाए गए हैं।
नाव पर 32 भारतीय पर्यटक थे सवार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाव पर 32 भारतीय पर्यटक और चार क्रू मेंबर सवार थे। यह नाव वियतनाम के सबसे बड़े द्वीप, फु क्वोक के पास स्थित ‘होन मे रुट न्गोई’ द्वीप से लगभग 400 मीटर की दूरी पर पलटी। स्थानीय अधिकारियों ने पुष्टि की कि हादसे में 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो चुकी, जबकि बाकी 21 लोगों को बचा लिया गया।
जानें कैसे हुआ हादसा
शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि समुद्र में ऊंची लहरों के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच चल रही है। फु क्वोक वियतनाम (Vietnam) का सबसे बड़ा द्वीप है और हाल के वर्षों में भारतीय पर्यटकों के बीच तेज़ी से लोकप्रिय हुआ है, जहां बड़ी संख्या में लोग छुट्टियां मनाने आते हैं।
हादसे की खबर मिलने पर, वियतनाम में भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के ज़रिए घटना की पुष्टि की। दूतावास ने कहा, “एक बेहद दुखद घटना में, कुछ घंटे पहले वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास कई भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक नाव पलट गई। हादसे की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है और स्थानीय अधिकारियों द्वारा खोज और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।”
Vietnam Boat Accident: हेल्पलाइन नंबर जारी
प्रभावित परिवारों को मदद और जानकारी देने के लिए हो ची मिन्ह सिटी में भारत के कॉन्सुलेट जनरल में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। दूतावास ने साफ़ तौर पर कहा है कि वह किसी भी तरह की पूछताछ या मदद के लिए हर समय तैयार है। लोग इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं….
+84 36 281 7930
+84 91 552 37 14
+84 33 452 0414
इसके अलावा हनोई में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है जिसका हेल्पलाइन नंबर +84 91 308 9165 है। भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद दी जा रही है।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

