Microsoft services down: दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की सेवाएं अचानक ठप होने से दुनियाभर में हड़कंप मचा हुआ। माइक्रोसॉफ्ट सेवाएं ठप होने से भारत समेत दुनिया भर के यूजर्स आउटलुक (Outlook) और टीम्स (Teams) जैसे प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। इतना ही नहीं कई कंपनियों और सरकारी दफ्तरों का कामकाज ठप हो गया है, जिससे दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है। इस बीच माइक्रोसॉफ्ट ने एक बयान जारी कर कहा, “हम इस समस्या के असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।
Outlook और Teams के यूजर्स परेशान
दरअसल इस तकनीकी खराबी का सबसे बुरा असर कंपनी की ईमेल सेवा, ‘आउटलुक’ पर पड़ा है। हजारों यूजर्स को अन्य माइक्रोसॉफ्ट ऐप्लिकेशन्स का इस्तेमाल करने में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिनमें पेशेवर कामों के लिए बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होने वाला ‘टीम्स’, AI-आधारित असिस्टेंट ‘कोपायलट’ और माइक्रोसॉफ्ट 365 की कई अन्य सेवाएं शामिल हैं। कई यूजर्स ने बताया कि उनके ऐप्लिकेशन्स ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। आउटेज को ट्रैक करने वाली वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर डॉट कॉम’ (Downdetector.com) पर आउटलुक से जुड़ी समस्याओं को लेकर 1 लाख से अधिक रिपोर्ट दर्ज की गई हैं।
Microsoft की सर्विस ठप होने पर क्या बोली कंपनी
माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) की सेवाएं अचानक ठप होने के बाद अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने शुक्रवार को एक बयान जारी किया। कंपनी ने कहा, “हम इस समस्या के असर को कम करने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं।” कंपनी ने आगे बताया कि वह अपने एडमिन सेंटर के जरिए नियमित अपडेट दे रही है। अपने ताजा अपडेट में, माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि यह समस्या “बड़ी संख्या में सर्वरों के अचानक फेल होने” के कारण आई है। हालांकि, कंपनी ने सटीक कारण नहीं बताया है। माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि वह अभी भी इस आउटेज की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर, माइक्रोसॉफ्ट ने बताया कि उसके कुछ इंफ्रास्ट्रक्चर पर “बहुत ज्यादा लोड” आ गया है। इसे संतुलित करने के लिए, कंपनी अपने वैश्विक इंफ्रास्ट्रक्चर (अवसंरचना या आधारिक संरचना) पर कनेक्शन ट्रैफिक को फिर से बांट रही है। टेक कंपनी ने बताया कि उसकी टीमों ने सभी नए डिप्लॉयमेंट रोक दिए हैं, प्रभावित इंफ्रास्ट्रक्चर से ट्रैफिक को दूसरी तरफ डायवर्ट किया जा रहा है। साथ ही सेवाओं को बहाल करने के लिए प्रभावित सर्वरों को रीस्टार्ट किया जा रहा है। कंपनी का कहना है कि इस आउटेज से उसका ‘डिफेंडर एक्सडीआर’ (Defender XDR) सुरक्षा सिस्टम भी प्रभावित हुआ है।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

