Kolkata Stampede: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शनिवार रात चोरबागन इलाके में एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में अब तक 19 लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि 25 से ज्यादा घायलों का इलाज शहर के तीन अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। इनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना के बाद पुलिस अब एक्शन में आ गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दुर्गा पूजा के आयोजकों समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला दर्ज, 7 गिरफ्तार
बता दें कि शनिवार (17 अक्टूबर) की शाम कोलकाता के चोरबागन दुर्गा पूजा पंडाल में बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई। इस भगदड़ में 19 लोगों की जान चली गई। जबकि 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में दुर्गा पूजा पंडाल के आयोजक, सुरक्षाकर्मी और अन्य लोग शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में राजकुमार सेवदा (दुर्गा पूजा समिति के सचिव), शांतनु दुबे (उपाध्यक्ष), बिप्लब मुखर्जी उर्फ ‘जॉय’ (जो बांस के ढांचे के निर्माण में शामिल थे), कौशिक साहा और पिंटू, तथा निजी सुरक्षा प्रभारी सुमन चक्रवर्ती और राजेश पाल शामिल हैं।
जांच के लिए SIT का गठन
इससे पहले शनिवार को शनिवार रात 14 लोगों को हिरासत में लिया था। इस घटना की जांच के लिए एक SIT का गठन किया गया है। इसकी अध्यक्षता हाई कोर्ट के एक मौजूदा जज करेंगे। इस SIT में STF, CID और अन्य विभागों के सदस्य भी शामिल होंगे। साथ ही कोलकाता के कुछ इलाकों में 18 से 20 अक्टूबर तक तीन दिन के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। यह कदम पश्चिम बंगाल के सुवेंदु अधिकारी के उस वादे के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि दुर्गा पूजा के दौरान भीड़ के कुप्रबंधन के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैसे हुआ हादसा
गौरतलब है कि कोलकाता के मशहूर चोरबागन सार्वजनीन दुर्गा पूजा पंडाल में भारी भीड़ और अचानक हुई मूसलाधार बारिश के कारण भगदड़ मच गई। यह घटना तब हुई जब मूर्तियों के दर्शन के लिए पंडाल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई थी। खबरों के अनुसार, पंडाल के निकास द्वार का एक हिस्सा ढह गया, जिससे वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में 19 लोगों की मौत हो गई है और 25 से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जो अभी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं, उन्होंने कोलकाता में अपने सभी तय कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख देगी सरकार
इस हादसे पर सीएम शुभेंदु अधिकारी के दुख जताया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने कलकत्ता मेडिकल कॉलेज और अस्पताल जाकर मृतकों और घायलों के परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने रात करीब 1:00 बजे घटनास्थल का भी दौरा किया, जहां उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और पुलिस तथा आयोजकों से बातचीत की। साथ ही घोषणा की कि सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपये देगी और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने घटना की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) के गठन की भी घोषणा की। इसके अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कोलकाता में हुई इस भगदड़ पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

