Karwa Chauth 2026: सनातन धर्म में करवा चौथ का विशेष महत्व है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए सारा दिन निर्जला व्रत रखती हैं। यह व्रत सुबह ‘सरगी’ खाने के बाद शुरू होता है और रात में चांद को अर्घ्य देने तथा पति के हाथों जल ग्रहण करने के बाद पूरा होता है। इस दिन स्त्रियां सोलह श्रृंगार करती हैं, पूजा की थाली सजाती हैं और करवा माता की कथा सुनती हैं। यह पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को देशभर में धूमधाम से मनाया जाता हैं। इस साल यह व्रत 29 अक्टूबर को रखा जाएगा। आइए जानतें हैं करवा चौथ व्रत की सही तिथि शुभ पूजा मुहूर्त और चंद्रोदय का समय के बारे में….
29 अक्टूबर को ही रखा जाएगा करवा चौथ का व्रत
हिंदू कैलेंडर के अनुसार कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 28 और 29 अक्टूबर की मध्य रात्रि को 1:06 AM पर शुरू होगी और 29 अक्टूबर को 10:09 PM पर समाप्त होगी। उदय तिथि के आधार पर, करवा चौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसलिए, व्रत रखने वाली महिलाओं को तारीख को लेकर कोई कंफ्यूजन नहीं होना चाहिए।
करवा चौथ पूजा का ‘शुभ मुहूर्त’
करवा चौथ पर सही समय पर पूजा करना शुभ माना जाता है। इस दिन महिलाएं सोलह श्रृंगार करके शाम के समय भगवान गणेश, माता पार्वती-भगवान शिव और करवा माता की पूजा करती हैं। पूजा के दौरान करवा चौथ की कथा भी पढ़ी या सुनी जाती है। पूजा के समय करवा चौथ की कथा सुनना और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना करना एक परंपरा है।
सरगी ग्रहण करने का समय: सुबह 6:31 बजे से पहले
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4:48 बजे से सुबह 5:39 बजे तक
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:42 बजे से दोपहर 12:27 बजे तक
करवा चौथ पूजा मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से शाम 6:56 बजे तक
अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त: शाम 5:38 बजे से शाम 7:15 बजे तक
करवा चौथ पर कब निकलेगा चांद
करवा चौथ के दिन, महिलाएं बेसब्री से चांद निकलने का इंतजार करती हैं। ‘पंचांग’ के अनुसार, 29 अक्टूबर को रात 8:17 बजे चांद निकलने की उम्मीद है। हालांकि चांद निकलने का सही समय शहर और स्थानीय स्थितियों के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। इसलिए, अपने शहर के लिए चांद निकलने का सटीक समय देख लेना बेहतर रहेगा। चांद दिखने पर, सुहागिन महिलाएं ‘अर्घ्य’ देती हैं और अपने पति की लंबी आयु की कामना करती है। इसके बाद वह अपने पति के हाथों से जल ग्रहण कर अपना व्रत पूरा करती हैं।
प्रमुख शहरों में चंद्रोदय का समय
शहर चंद्रोदय का समय
दिल्ली रात 8:17 बजे
मुंबई रात 9:00 बजे
कोलकाता शाम 7: 47 बजे
चेन्नई शाम 8:44 बजे
बंगलुरू शाम 8:55 बजे
नोएडा रात 8:17 बजे
गुरुग्राम शाम 8:18 बजे
चंडीगढ़ शाम 8:12 बजे
जयपुर शाम 8:28 बजे
लखनऊ शाम 8:06 बजे
पटना शाम 7:52 बजे
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

