India vs Sri Lanka 2nd Test: भारत बनाम श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा और अंतिम टेस्ट मैच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। इसी बीच, टीम इंडिया के विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है। उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का एक बड़ा रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है। अब वह विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज बन गए हैं।
पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड
दरअसल पहले दिन, भारतीय टीम ने 5 विकेट खोकर 300 रन बनाए। देवदत्त पडिक्कल ने श्रीलंका की जमीन पर लगातार दूसरे टेस्ट मैच में शानदार शतक लगाने का कारनामा किया। हालांकि, पहले दिन पंत कुछ असहज दिखे; उन्हें हाथ पर गेंद लगी थी। जिसके बाद उन्हें ‘रिटायर्ड हर्ट’ होना पड़ा। पंत पहले दिन खेली गई 15 गेंदों में सिर्फ 3 रन ही बना पाए। दूसरे दिन, सारांश जैन के जल्दी आउट होने के बाद पंत फिर से मैदान पर उतरे और संभलकर खेलते हुए अपनी हाफ-सेंचुरी पूरी की। इस दौरान उन्होंने बल्ले से इतिहास रच दिया।
पंत विदेशी धरती या न्यूट्रल वेन्यू पर विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं और उन्होंने एमएस धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पंत ने अब तक अवे/न्यूट्रल टेस्ट मैचों में 2,545 रन बनाए हैं। जबकि धोनी ने अपने टेस्ट करियर के दौरान विदेशी धरती पर कुल 2,496 रन बनाए थे। पंत ने अपने 36वें टेस्ट मैच में यह कमाल किया। जबकि धोनी को ऐसा करने में 48 टेस्ट मैच लगे थे। इस लिस्ट में फारुख इंजीनियर 1,209 रनों के साथ तीसरे स्थान पर हैं।
विदेशी मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज
2502 – ऋषभ पंत
2496 – महेंद्र सिंह धोनी
1209 – फारुख इंजीनियर
1109 – सैयद किरमानी
टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज
महेंद्र सिंह धोनी – 4876
ऋषभ पंत – 3706
सैयद किरमानी – 2759
पहले दिन पंत को ‘रिटायर्ड हर्ट’ होना पड़ा
गौरतलब है कि टेस्ट के पहले दिन बल्लेबाजी करते समय पंत को चोट लग गई थी और उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। भारतीय पारी के 58वें ओवर में लाहिरू कुमारा की एक उछलती हुई गेंद सीधे पंत की कलाई पर लगी, जिससे उन्हें काफी दर्द हुआ। थोड़ी देर मेडिकल मदद लेने के बाद उन्हें ‘रिटायर्ड हर्ट’ पड़ा। हालांकि पंत पहले टेस्ट में बल्ले से कोई खास कमाल नहीं कर पाए थे और उनके फॉर्म को लेकर सवाल उठ रहे थे।
भारत ने 503 रनों पर घोषित की पारी
दूसरे टेस्ट में टॉस जीतने के बाद भारतीय टीम को शानदार शुरुआत मिली। पहले दिन देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए लगातार अपना दूसरा शतक लगाया। उन्होंने 193 गेंदों पर 117 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जिसमें 12 चौके शामिल थे। वहीं, कप्तान शुभमन गिल भी अच्छी लय में दिखे और अर्धशतकीय पारी खेली। यशस्वी जायसवाल (45) और रवींद्र जडेजा (43) अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए। केएल राहुल सिर्फ 18 रन ही बना सके। भारतीय टीम के लिए दूसरा दिन अच्छा शुरू नहीं हुआ, क्योंकि सारांश जैन सिर्फ 6 रन बनाकर असिथा फर्नांडो का शिकार हो गए। हालांकि, पंत और ध्रुव जुरेल ने सातवें विकेट के लिए शतकीय (112 रन) साझेदारी की। भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रनों पर घोषित कर दी।
दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत: यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुबमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा।
श्रीलंका: लाहिरू उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सोरियाबंदरा, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशर नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा और असिथा फर्नांडो।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

