IND vs NZ 5th ODI: भारत ने 7 साल बाद न्यूजीलैंड में जीती सीरीज, गेंदबाजों ने दिलाई करिश्माई जीत

IND vs NZ 5th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पांचवें और निर्णायक मुकाबला रविवार को माउंट माउंगानुई स्थित बे ओवल मैदान पर खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 22 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 209 रनों पर सिमट गई। जवाब में कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर ढेर हो गई। एक समय ऐसा लग रहा था कि कीवी टीम आसानी से यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर लेगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बाजी पलट

Written By :

SK Sharma

Updated

November 15, 2026

ind-vs-nz

IND vs NZ 5th ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज का पांचवें और निर्णायक मुकाबला रविवार को माउंट माउंगानुई स्थित बे ओवल मैदान पर खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 22 रन से हरा दिया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम 209 रनों पर सिमट गई। जवाब में कीवी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर ढेर हो गई। एक समय ऐसा लग रहा था कि कीवी टीम आसानी से यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर लेगी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने बाजी पलट दी। इसी के साथ ही भारत ने पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली।

भारत द्वारा मिले 210 रनों के लक्ष्य पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही। टिम सीफर्ट सिर्फ 14 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं पहले वनडे में शतक लगाने वाले विल यंग भी ज्यादा देर नहीं टिक सके और 42 गेंदों में 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। निक केली 24 रन बना सके। हालांकि डीन फॉक्सक्रॉफ्ट अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में नहीं बदल पाए और 42 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हो गए।

गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के जबड़े से छीनी जीत

एक समय न्यूजीलैंड 3 विकेट पर 82 रन बनाकर ठीक-ठाक स्थिति में दिख रहा था, लेकिन इसके बाद भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड पर हावी हो गए। फिर कोई कीवी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के आगे टिक नहीं सका। हालांकि कप्तान मिशेल सेंटनर (24) ने क्रिश्चियन क्लार्क के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 39 रन जोड़े और पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही न्यूजीलैंड की उम्मीदें भी ध्वस्त हो गई और पूरी टीम 48.1 ओवर में 187 रनों पर सिमट गई।

टीम इंडिया की इस जीत के हीरो भारत की ओर से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और मोहम्मद सिराज रहे। अर्शदीप ने जहां 3 विकेट लिए वहीं अक्षर पटेल ने 2 लेने के साथ 46 रनों की शानदार पारी खेली। इन दोनों के अलावा सिराज ने जबरदस्त गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट चटकाए। जबकि आकिब नबी, यश ठाकुर और नमन धीर को 1-1 विकेट मिला।

सात साल बाद भारत ने जीती सीरीज वनडे सीरीज

इस जीत के साथ ही भारत ने 5 मैचों की सीरीज पर 3-1 से कब्जा कर लिया। न्यूजीलैंड में भारत ने सात साल बाद वनडे सीरीज जीती है। कीवी टीम भी अपने घर पर सात साल बाद वनडे सीरीज हारी है। इससे पहले आखिरी बार टीम इंडिया ने 2018-19 में न्यूजीलैंड में पांच मैचों की वनडे सीरीज 4-1 से जीती थी।

209 रनों पर ऑलआउट हो गई थी टीम इंडिया

इससे पहले, पूरी भारतीय टीम 42.1 ओवर में 209 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और रोहित शर्मा सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। विराट कोहली भी संघर्ष करते दिखे और केवल 5 रन ही बना सके, जबकि ऋतुराज गायकवाड़ 18 रन बनाकर जैकब डफी का शिकार बने। कप्तान श्रेयस अय्यर 22 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। 34 रन पर 3 विकेट गिर जाने के बाद भारतीय पारी मुश्किल में थी, लेकिन अक्षर पटेल और ईशान किशन ने चौथे विकेट के लिए 52 रन जोड़कर टीम को संभाला।

ईशान-अक्षर ने बचाई लाज

बाएं हाथ के दोनों की बल्लेबाज ने 46-46 रनों की महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जिससे टीम इंडिया एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सकी। अक्षर की 55 गेंदों की पारी में 5 चौके और 1 छक्का शामिल था, जबकि ईशान ने 58 गेंदों की अपनी पारी में 2 छक्के और 3 चौके लगाए। इसके अलावा नमन धीर ने 22 रन का योगदान दिया। आखिरी विकेट के लिए मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह ने 26 रनों की साझेदारी की, जिससे टीम का कुल स्कोर 209 तक पहुंच गया। अर्शदीप ने 4 गेंदों पर 14 रन बनाए , जबकि सिराज 20 गेंदों पर 14 रन बनाकर नाबाद रहे,

सैंटनर-डफी ने लिए 3-3 विकेट

न्यूजीलैंड की ओर से कप्तान मिचेल सैंटनर ने सबसे बेहतरीन गेंदबाजी की और अपने 10 ओवरों में 47 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं जैकब डफी ने 8.1 ओवर में 60 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मैथ्यू फिशर ने 7 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए। ब्लेयर टिकनर और माइकल ब्रेसवेल ने एक-एक विकेट लिया।


ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत

ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)