IND vs AFG U19 Asia Cup 2026: भारतीय टीम ने अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। गुरुवार को खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 227 रन बनाए। जवाब में भारत ने लक्ष्य रायचंदानी, आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत की शानदार पारियों के दम पर 36.5 ओवर में केवल 2 विकेट खोकर आसानी से जीत हासिल कर ली। भारत का फाइनल में अब मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान से होगा।
लक्ष्य और आर्यवीर ने दिलाई शानदार शुरुआत
अफगानिस्तान द्वारा दिए गए 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग एक बार फिर शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 16.6 ओवर में 117 रन जोड़े। आर्यवीर बेहतरीन फॉर्म में दिखे; उन्होंने आउट होने से पहले 57 गेंदों पर 51 रनों की दमदार पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे। इसके बाद, लक्ष्य को वीके विनीत के रूप में एक और अच्छा जोड़ीदार मिला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 89 गेंदों पर 77 रन जोड़े।
लक्ष्य रायचंदानी लय में दिख रहे थे और तेजी से शतक की ओर बढ़ रहे थे। हालांकि,वह शतक बनाने से चूक गए और 90 गेंदों पर 93 रन बनाकर आउट हो गए। उनकी इस पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल था। जबकि विनीत ने भी शानदार बल्लेबाजी की और 62 गेंदों पर 57 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 5 चौके और एक छक्का शामिल था। वहीं, यशवर्धन चौहान 16 रन बनाकर नाबाद रहे।
अफगानिस्तान बना पाया था सिर्फ 227 रन
इससे पहले, अफगानिस्तान ने अपने 50 ओवरों में 8 विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और फरीदुल्लाह एहसास केवल 13 रन बनाकर आउट हो गए। आबिदुल्लाह नादरजान भी बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा सके और 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। सुभान जखैल अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 31 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद नोमान सलारजई और शाह फैसल रहीमी ने शानदार पारियां खेलीं और दोनों ने अर्धशतक पूरे किए।
नोमान ने 78 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए, जबकि शाह फैसल ने भी 72 गेंदों में 51 रन बनाए, जिसके बाद वे ईशान सूद का शिकार बने। आखिरी ओवरों में कप्तान सोहेल खान ने नाबाद 36 रनों की अहम पारी खेली, जिससे अफ़ग़ानिस्तान की टीम 200 रनों के पार पहुंच सकी। भारत की ओर से ईशान सूद ने अपने 9 ओवरों में 43 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि आर्यन सवसानी ने 29 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
भारत-पाकिस्तान के बीच होगा महामुकाबला
भारतीय टीम अब फाइनल में पाकिस्तान का सामना करेगी। 14 नवंबर को भारत के पास पाकिस्तान से बदला लेने का मौका होगा। क्योंकि ग्रुप स्टेज के दौरान पाकिस्तान ने भारत को हराया था। भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 क्रिकेट टीमों के बीच मुकाबलों का रिकॉर्ड बेहद रोमांचक और कड़ा मुकाबला रहा है। दोनों टीमें अब तक 9 बार आमने-सामने आई हैं। इसमें से पाकिस्तान ने 5 मैचों में जीत दर्ज की है। जबकि भारत ने 4 मैचों में जीत हासिल की है।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

