लखनऊ: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा टीम इंडिया का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया है। वह पूर्व चेयरमैन अजीत अगरकर की जगह लेंगे। अगरकर का कार्यकाल 4 अक्टूबर को समाप्त हो गया था, जिसके बाद 40 वर्षीय ओझा ने अंतरिम प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके अलावा BCCI ने पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर रमेश पोवार को भी पुरुष चयन समिति में शामिल किया है। ओझा को उनकी वरिष्ठता के कारण समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। अब इस चयन समिति में प्रज्ञान ओझा, रमेश पोवार, शिव सुंदर दास, आरपी सिंह और अजय रात्रा शामिल हैं।
रमेश पोवार की सेलेक्शन कमेटी में एंट्री
बता दें कि पोवार के नाम की सिफारिश क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) ने सर्वसम्मति से की थी। इस समिति में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल थे, जिन्होंने पिछले हफ्ते BCCI मुख्यालय में आवेदकों की जांच की और उनका इंटरव्यू लिया। उन्होंने वसीम जाफर, सलिल अंकोला, जैकब मार्टिन और कॉनर विलियम्स जैसे अन्य पूर्व भारतीय और वेस्ट ज़ोन के खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर यह पद हासिल किया। जिससे उन्हें इस भूमिका के लिए काफी अनुभव मिला है।
महिला टीम के कोच रह चुके है रमेश पोवार
मुंबई के रहने वाले 48 वर्षीय पोवार ने 2004 से 2007 के बीच भारत के लिए दो टेस्ट और 31 वनडे मैच खेले हैं। वह दो बार भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान, टीम ने एशिया कप का खिताब जीता और 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल हासिल किया। इसके अलावा एक कोच के रूप में पोवार ने मुंबई को विजय हजारे ट्रॉफी जिताने में भी अहम भूमिका निभाई थी। हाल ही में अपना पद छोड़ने से पहले, वह पिछले दो सीजन तक गुजरात की वरिष्ठ पुरुष टीम के मुख्य कोच रहे थे। इतना ही नहीं उन्होंने भारत के खिलाफ हाल ही में हुई वनडे सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई अंडर-19 टीम के लिए सलाहकार कोच की भूमिका निभाई थी।
रमेश पोवार का क्रिकेट करियर
रमेश पोवार ने अपने पूरे करियर में कुल 312 मैच खेले। उन्होंने 148 फर्स्ट-क्लास मैच खेले, जिनमें उन्होंने 470 विकेट लिए। इसके अलावा, उन्होंने 113 लिस्ट-ए मैचों में 142 विकेट लिए। उन्होंने 28 टी20 मैच भी खेले, जिनमें उन्होंने 14 विकेट हासिल किए।
BCCI ने की अजीत अगरकर की सराहना
BCCI ने पूर्व मुख्य चयनकर्ता के कार्यकाल की सराहना की है। बोर्ड ने कहा कि वह अजीत अगरकर की प्रतिबद्धता, दृढ़ विश्वास और योगदान को महत्व देता है। जुलाई 2023 में अपनी नियुक्ति के बाद, उन्होंने एक अहम दौर में चयन समिति का नेतृत्व किया। इस दौरान, भारत ने तीन ICC ट्रॉफियां, दो एशिया कप खिताब और एशियाई खेलों में लगातार दो स्वर्ण पदक जीते।
प्रज्ञान ओझा का करियर
प्रज्ञान ओझा ने 2008 से 2013 तक भारत के लिए 24 टेस्ट, 18 वनडे और 6 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। इस बाएं हाथ के स्पिनर ने टेस्ट में 113, वनडे में 21 और टी20 इंटरनेशनल में 10 विकेट लिए। टेस्ट क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 47 रन देकर 6 विकेट लेना रहा।
ओझा का फर्स्ट-क्लास करियर भी शानदार रहा। उन्होंने फर्स्ट-क्लास क्रिकेट के 108 मैचों में 424 विकेट लिए। उन्होंने अपना आखिरी फर्स्ट-क्लास मैच 2018 में खेला था, जिसमें वे उत्तराखंड के खिलाफ बिहार की टीम का हिस्सा थे। आईपीएल में, उन्होंने डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 92 मैचों में 89 विकेट लिए। 2015 के बाद से वे किसी भी आईपीएल टीम का हिस्सा नहीं रहे हैं। सितंबर 2025 में, ओझा बीसीसीआई की पुरुष चयन समिति में शामिल हुए।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

