IND vs SL Asian Games 2026: भारतीय क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को हराकर एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में टीम इंडिया ने श्रीलंका को 124 रनों से करारी शिकस्त दी। भारत द्वारा दिए गए 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पूरी श्रीलंकाई टीम 9.5 ओवर में सिर्फ 45 रनों पर ही सिमट गई। यह भारत के खिलाफ श्रीलंका की शर्मनाक हार है।
45 रनों पर सिमटी श्रीलंका
भारत द्वारा मिले 170 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सिनेथ जयवर्धने, लसिथ क्रूसपुले और सोहन डी लिवेरा बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। शीर्ष तीन बल्लेबाजों के शून्य पर आउट होने से बने दबाव से टीम उबर नहीं पाई। टीम के लिए नुवानिदु फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सहन अराचिगे 8 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए। अशेन बंडारा भी अक्षर पटेल की गेंद पर बिना खाता खोले आउट हो गए।
खाता भी नहीं खोल पाए श्रीलंका के छह बल्लेबाज
वनुजा सहन एक रन बनाने के बाद वाशिंगटन सुंदर का शिकार बने। टीम का पतन जारी रहा और पूरी श्रीलंकाई टीम सिर्फ 45 रनों पर सिमट गई और भारत ने बड़े अंतर से इस मैच को अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल पाए। केवल नुवानिदु ही दोहरे अंकों तक पहुंच पाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।
भारत ने बनाए थे 169 रन
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 169 रन बनाए। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही; अभिषेक शर्मा सिर्फ 7 रन पर आउट हो गए, जबकि संजू सैमसन भी 9 गेंदों में सिर्फ 7 रन ही बना पाए। कप्तान श्रेयस अय्यर बल्ले से कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए और 13 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वैभव सूर्यवंशी अच्छी लय में दिखे और उन्होंने 21 गेंदों में 38 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
ईशान किशन ने खेली तूफानी पारी
तीन विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए ईशान किशन ने पारी को संभाला। दूसरे छोर पर लगातार विकेट गिरने के बावजूद ईशान डटे रहे। उन्होंने 33 गेंदों में अपनी हाफ-सेंचुरी पूरी की और 46 गेंदों में नाबाद 80 रन बनाए। इस पारी के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 4 चौके और 5 छक्के लगाए। अक्षर पटेल 8 रन पर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा (2 रन) और शिवम दुबे (3 रन) का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा। श्रीलंका के लिए थरिंदु रत्नायके ने 32 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि कप्तान सहन अराचिगे ने 28 रन देकर 2 विकेट लिए।
गोल्ड मेडल के लिए भारत की पाकिस्तान से होगी भिड़ंत
भारतीय टीम अब 3 अक्टूबर को एशियन गेम्स 2026 मेंस क्रिकेट के फाइनल मैच में पाकिस्तान का सामना करेगी। दोनों टीमें गोल्ड मेडल के लिए भिड़ंगी। वहीं, श्रीलंका ब्रॉन्ज मेडल के मैच में बांग्लादेश से भिड़ेगा। पाकिस्तानी टीम बांग्लादेश को सेमीफाइनल में हराकर पहले ही फाइनल में पहुंच चुकी है। ये एक हाईवोल्टेज मैच होगा।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

