Bihar Jamui Case: बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित छेड़छाड़ और बदसलूकी के वायरल वीडियो के बाद मचे हंगामे के बीच पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी। पुलिस ने मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, जबकि दूसरे आरोपी हरेराम का पैर टूट गया है। मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया है। इस मामले में अब तक 6 आरोपित दबोचे जा चुके हैं। बाकी की तलाश जारी है।
पुलिस ने दो आरोपियों का किया एकाउंटर
बता दें कि यह घटना 19 सितंबर को हुई थी और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए जिले भर में कई संदिग्ध ठिकानों पर जोरदार छापेमारी की गई। इस ऑपरेशन के दौरान, पुलिस और अपराधियों के बीच कथित मुठभेड़ की खबरें सामने आई हैं। खबर है कि छापेमारी के दौरान पुलिस टीम का सामना अपराधियों से हुआ। इस कार्रवाई के दौरान, मुख्य रूप से नंदन यादव के तौर पर पहचाने गए आरोपी के पैर में गोली लगने की बात सामने आई है।
मुंगेर रेंज के DIG राकेश कुमार ने बताया कि पुलिस की एक टीम आरोपियों की तलाश में पहाड़ी इलाके में गई थी, तभी टीम पर हमला हुआ। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल हो गया। उन्होंने बताया कि एक और आरोपी को भी गिरफ़्तार किया गया है। उसका पैर टूट गया है और उसका भी इलाज चल रहा है। मुख्य आरोपित नंदन यादव और हरेराम यादव दोनों बालिग हैं। दोनों प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं और पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं। इस मामले में अब तक 6 आरोपित दबोचे जा चुके हैं। बाकी की तलाश जारी है।
नाबालिग से की थी हैवानियत
दरअसल जमुई के मडवा पहाड़ी इलाके में 19 सितंबर की शाम को मनचलों के एक झुंड ने स्कूटी से जा रहे नाबालिग छात्र और छात्रा को जबरन रोक लिया। इस दौरान छात्रा के साथ कथित तौर पर बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई, जबकि उसके पुरुष साथी के साथ मारपीट की गई। वहीं इस युवकों की हैवानियत का वीडियो सोशल मीडिया वायरल होने के बाद मामला बढ़ गया। वायरल फुटेज में मुख्य आरोपी नंदन यादव को छात्रा का जबरदस्ती अपहरण करने की कोशिश करते हुए साफ देखा जा सकता है; इस घटना से पूरे जिले में भारी आक्रोश फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस एक्शन में आई और आरोपियों की पहचान शुरू कर दी।
पुलिस ने पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और बाकी लोगों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई थी। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में दिख रहे कई लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस घटना के वीडियो को लेकर भी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का वीडियो फैलाने वाले कई सोशल मीडिया प्रोफाइल के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जमुई की इस घटना ने बिहार में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज कर दिया है। विपक्ष ने कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस का कहना है कि वे इसमें शामिल सभी आरोपियों की गिरफतारी और उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

