Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन का त्योहार हर साल सावन महीने की पूर्णिमा तिथि को मनाया जाता है। हालांकि, इस साल रक्षाबंधन पर चंद्र ग्रहण भी लग रहा है। इसलिए, लोगों में कन्फ्यूजन है कि त्योहार 27 अगस्त को मनाएं या 28 अगस्त को। कई लोगों का मानना है कि ग्रहण और सूतक काल की वजह से राखी की तारीख बदल सकती है। अगर आप भी सोच रहे हैं कि इस साल राखी कब बांधी जाएगी और क्या चंद्र ग्रहण का त्योहार पर कोई असर पड़ेगा, तो यहां आसान भाषा में जरूरी जानकारी दी गई है।
28 अगस्त को मनेगा रक्षाबंधन
हिंदू पंचांग के अनुसार, सावन पूर्णिमा 27 अगस्त को सुबह 9:08 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त को सुबह 9:48 बजे खत्म होगी। उदयतिथि के आधार पर, रक्षाबंधन शुक्रवार 28 अगस्त को मनाना शुभ रहेगा। 28 अगस्त को उदयतिथि का मान पूरे दिन रहेगा अतः सूर्योदय से लेकर पूरे दिन रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा। भारतीय समयानुसार, इस दिन चंद्र ग्रहण सुबह 6:53 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक रहेगा। हालांकि, यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। इसलिए चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
ज्योतिषी के अनुसार, 28 अगस्त को सुबह 6:24 बजे से सुबह 9:48 बजे तक का समय राखी बांधने के लिए बेहद शुभ है। अगर किसी वजह से सुबह राखी नहीं बांधी जा सकती, तो एक और शुभ समय (मुहूर्त) बताया गया है: दोपहर 12:01 बजे से 1:05 बजे तक। इसे अभिजीत मुहूर्त कहा जाता है। इसके अलावा चर (संध्याकालीन) शाम 05:12 से 06:47 बजे तक शाम के समय राखी बांध सकते हैं। भाई-बहन अपनी सुविधा के अनुसार रक्षाबंधन का त्योहार मनाने के लिए इन तीनों में से कोई भी समय चुन सकते हैं।
रक्षाबंधन पर नहीं रहेगा भद्रा का साया
राखी बांधने के समय अक्सर लोगों को भद्रा की चिंता होती है। लेकिन इस साल टेंशन लेने की जरूर नहीं है, क्योंकि भद्रा 27 अगस्त को पूर्णिमा तिथि के शुरू होने के साथ ही लग जाएगा और 28 अगस्त की सुबह सूर्योदय से पहले ही समाप्त हो जाएगा। इसलिए भद्राकाल की बाधा इस बार रक्षाबंधन के पर्व में नहीं रहेगी। इसका मतलब है कि जब 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाया जाएगा, तब तक भद्रा का समय खत्म हो चुका होगा। इसलिए, राखी बांधने के लिए बताए गए शुभ समय के दौरान भद्रा से कोई रुकावट नहीं आएगी।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

