Sukhbir Singh Badal: महाराष्ट्र के नांदेड़ में गुरुवार सुबह शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला हुआ। बादल के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बादल पर यह हमला महाराष्ट्र के नांदेड़ में स्थित एक गुरुद्वारे में हुआ। फिलहाल महाराष्ट्र के सीएम देवेन्द्र फडणवीस ने पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री पर हुए हमले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
कृपाण से हुआ बादल पर हमला
पुलिस के मुताबिक, यह हमला सुबह करीब 11:00 बजे नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर के भीतर माता साहिब गुरुद्वारे के पास हुआ। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि एक निहंग ने सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण (धार्मिक तलवार) से हमला किया। हालांकि, मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे हिरासत में ले लिया गया है। सुखबीर सिंह बादल की विशेष सुरक्षा टीम का हिस्सा रहे इंस्पेक्टर संतोष केंद्र पर भी इस घटना के दौरान हमला हुआ और वे घायल हो गए। पुलिस घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है। घटना के बाद नांदेड़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारियों की देखरेख में पूरे मामले की जांच की जा रही है।
सीएम फडणवीस ने दिए जांच के आदेश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने SAD प्रमुख और पंजाब के पूर्व डिप्टी CM सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए हैं। सीएम ने बताया कि इस घटना में शामिल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया है कि वे सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के पीछे की वजह का पता लगाएं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद सुखबीर सिंह बादल को फोन करके उनका हाल-चाल जाना। फिलहाल सुखबीर सिंह बादल खतरे से बाहर हैं।
पत्नी भी थीं बादल के साथ
इससे पहले दिन में, Sukhbir Singh Badal अकाली दल की बठिंडा से लोकसभा सांसद एवं अपनी पत्नी हरसिमरत कौर के साथ महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त श्री हजूर साहिब गए थे। हमले से पहले, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर जानकारी दी थी कि वे अपने परिवार के साथ तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में मत्था टेकने और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना करने गए थे। अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मैंने अपने परिवार के साथ तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब में मत्था टेका और सभी की भलाई के लिए प्रार्थना की। गुरु साहिब पूरी दुनिया पर अपनी कृपा बनाए रखें।”
प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं सुखबीर
सुखबीर सिंह बादल पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के बेटे हैं। वे पंजाब के उपमुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। नांदेड़ में एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब है, जहां पंजाब समेत देश भर से सिख समुदाय के लोग प्रार्थना करने आते हैं। जहां पर बादल पर जानलेवा हमला हुआ। घटना के तुरंत बाद हमलावर को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस चल रही जांच के तहत उससे पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ेंः-शहजाद पूनावाला ने BJP से दिया इस्तीफा , क्या राजनीति से हो गया मोहभंग
ये भी पढ़ें:-महिला पहलवान यौन शोषण केस , कोर्ट ने BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण सिंह को किया बरी
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

