Uma Kashvi: विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के मिनी-ऑक्शन का आयोजन बुधवार को कोच्चि के हयात होटल में हुआ। जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने 15 साल की ऑलराउंडर उमा काशवी को खरीदा। दिल्ली ने 10 लाख रुपये की बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया। उमा अब विमेंस प्रीमियर लीग ऑक्शन में बिकने वाली इतिहास की सबसे कम उम्र की खिलाड़ी बन गई हैं। महज 15 साल की उमा अब डब्ल्यूपीएल 2027 में अपना हुनर दिखाएंगी।
उमा काशवी ने तोड़ा दिया का रिकॉर्ड
दरअसल डीसी युवा प्रतिभा में निवेश करने के लिए जानी जाती है। इससे पहले 2026 ऑक्शन में डीसी ने दीया यादव को खरीदा था, जिनकी तब उम्र 16 साल थी। हालांकि दीया को डीसी ने आगामी सीजन के लिए रिटेन किया। 15 साल की उमा ने डब्ल्यूपीएल में दीया यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उनकी कहानी वैभव सूर्यवंशी से मिलती है, जो IPL में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।
कौन है 15 साल की उमा काशवी
उमा काशवी कर्नाटक की रहने वाली हैं। उनका जन्म 9 अप्रैल 2011 को हुआ था। उमा ने सात साल की छोटी सी उम्र में ही क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। उसी उम्र में उन्होंने एक क्रिकेट अकादमी में दाखिला लिया और खेल की बारीकियां सीखना शुरू कर दिया। अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर, उन्होंने बहुत कम उम्र में ही अपनी एक अलग पहचान बना ली है। उमा के पास बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता है। वह एक राइट-आर्म स्पिन गेंदबाज हैं। यानी उमा ऑलराउंडर हैं।
काशवी लगा चुकी है 24 शतक
उमा ने हाल ही में आयोजित हुए BCCI के विमेंस अंडर-15 वन-डे टूर्नामेंट में 172 की औसत से 516 रन बनाकर सुर्खियां बटोरीं थी। इस टूर्नामेंट के दौरान, उन्होंने तीन शतक और एक अर्धशतक जड़ा। वह अंडर-15 स्तर पर कर्नाटक की कप्तानी भी कर चुकी हैं। फिलहाल, उमा कर्नाटक अंडर-19 टीम का हिस्सा हैं। उनके करियर की उपलब्धियों में अंडर-19 T20 ट्रॉफी और कर्नाटक महिला लीग का खिताब जीतना शामिल है।
डेक्कन हेराल्ड के अनुसार, काशवी ने कर्नाटक में 530 मैचों में 13,000 से अधिक रन बनाए हैं, जिसमें 24 शतक और 68 अर्धशतक शामिल हैं। इतना ही नहीं जून-जुलाई 2026 में श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के दौरान, उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दिया। वनडे और टी20 फॉर्मेट में खेले गए पांच मैचों में से चार में काशवी ने विकेट लिए। उमा अब डब्ल्यूपीएल 2027 में अपना हुनर दिखाएंगी।
उमा की तरह ही, 16 साल की समायरा राघव को भी WPL 2027 में गुजरात जायंट्स के ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। उन्हें गुजरात फ्रेंचाइजी ने 10 लाख रुपये में खरीदा है। समायरा एक मिडिल-ऑर्डर बल्लेबाज और स्पिन गेंदबाज के तौर पर अपने योगदान के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने दिल्ली प्रीमियर लीग में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली से काफी प्रभावित किया था।
14 जनवरी से होगा WPL का आगाज
बता दें कि विमेंस प्रीमियर लीग (WPL) 2027 का पांचवां सीजन अगले साल 14 जनवरी से 7 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स की कमान जेमिमा रोड्रिग्स के हाथों में है। पिछले सीजन के फाइनल में, दिल्ली कैपिटल्स (DC) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम
शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स (कप्तान), मारिजाने कैप, चिनेल हेनरी, श्री चरानी, दिया यादव, ममता मदीवाला, लौरा वोल्वार्ड्ट, लुसी हैमिल्टन, मीनू मणि, नंदनी शर्मा, निक्की प्रसाद, एनाबेल सदरलैंड, उमा काशवी, किरण नवगिरे, कर्स्टी गॉर्डन, नजमा खान।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

