Abhishek Sharma: इंटरनेशनल क्रिकेट में संघर्ष कर रहे टीम इंडिया के धुआंधार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में जबरदस्त वापसी की है। अभिषेक ने एक ऐसी तूफानी पारी खेली जिसने सभी को हैरान कर दिया। अभिषेक ने पंजाब इंटर-डिस्ट्रिक्ट सीनियर वनडे टूर्नामेंट में अमृतसर की ओर से खेलते हुए तरनतारन के खिलाफ सिर्फ 91 गेंदों में 233 रन बनाए। इस पारी की सबसे खास बात ये रही है कि उन्होंने बाउंड्रीज से ही डबल सेंचुरी बना डाली।
अभिषेक ने जड़े 25 छक्के और 15 चौके
अमृतसर की ओर से खेलते हुए अभिषेक शर्मा ने तरनतारन के खिलाफ 256.04 के शानदार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनकी पारी में 25 गगनचुंबी छक्के और 15 चौके शामिल थे। यानी उन्होंने सिर्फ बाउंड्री से ही 210 रन बना डाले। उनकी धुआंधार बल्लेबाजी की बदौलत अमृतसर ने 50 ओवर में 8 विकेट पर 533 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
अभिषेक की इस विस्फोटक पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनमें किसी भी बॉलिंग अटैक को तहस-नहस करने की पूरी काबिलियत है। घरेलू क्रिकेट में खेली गई यह दोहरे शतक वाली पारी निश्चित रूप से उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी। अब सबकी नजरें इस बात पर होंगी कि क्या अभिषेक इंटरनेशनल क्रिकेट में भी इसी फॉर्म को बरकरार रख पाते हैं या नहीं।
जिम्बाब्वे दौरे पर अभिषेक का बल्ला रहा खामोश
बता दें कि घरेलू क्रिकेट की यह शानदार पारी ऐसे समय में आई है जब इंटरनेशनल क्रिकेट में अभिषेक का बल्ला काफी दिनों से खामोश हो पड़ा था। जिम्बाब्वे दौरे के दौरान, वह तीन पारियों में सिर्फ 11 रन ही बना पाए, जिसमें उनका औसत 3.66 रहा। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ पांच टी20 मैचों में उनके बल्ले से सिर्फ 131 रन निकले। जबकि आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों में वह सिर्फ 49 रन ही बना पाए। अपनी पिछली 10 इंटरनेशनल टी20 पारियों में अभिषेक सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा पाए हैं। नतीजतन, अभिषेक जो कभी ICC T20 बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर वन पर थे, अब तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इतना ही नहीं लगातार एक ही गेंदबाज के खिलाफ आउट होना उनकी तकनीक और शॉट चयन पर भी सवाल उठने लगे थे।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

