Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रमुख धार्मिक स्थलों शिव की नगरी वाराणसी से लेकर, प्रयागराज और अयोध्या तक श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। श्रद्धालु हर्षोल्लास के साथ गंगा-यमुना और सरयू में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। स्नान के साथ ही घाटों पर दान-पुण्य और दीपदान का सिलसिला भी लगातार जारी।
काशी में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
दरअसल आज एक साथ कई पावन पर्वों का महासंगम है। आज कार्तिक पूर्णिमा के साथ देव दीपावली, गुरु नानक जयंती और कार्तिक स्नान के समापन का महापर्व भी श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर धर्म और आस्था की नगरी काशी में आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर दूर-दराज से श्रद्धालु काशी पहुंचे हैं और विधि-विधान से गंगा स्नान और पूजा-पाठ कर रहे हैं। सुबह से ही गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। कई घाटों पर तो तिल रखने की भी जगह नहीं बची। ग्रह नक्षत्रों के दुर्लभ संयोग की वजह से इस बार कार्तिक पूर्णिमा के स्नान का विशेष महत्व है।
काशी के निवासी धर्मेश्वर झा ने बताया कि एक वर्ष में 12 पूर्णिमा और 24 एकादशियां होती हैं। आज के दिन ‘देव दीपावली’ भी मनाई जाती है, जिसमें श्रद्धालु काशी के सभी घाटों पर दीप जलाते हैं और ‘दीपदान’ करते हैं। माना जाता है कि आज के दिन पवित्र स्नान करने से पूरे वर्ष के दौरान अर्जित किए जा सकने वाले पुण्य की प्राप्ति हो सकती है।
लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी
कार्तिक पूर्णिमा पर संगम नगरी प्रयागराज में गंगा-यमुना और अदृश्य सरस्वती की त्रिवेणी में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है। दूर-दूर से आये हजारों श्रद्धालु त्रिवेणी संगम की धारा में डुबकी लगाने के बाद सूर्य को अर्ध्य दे रहे हैं और भगवान कार्तिकेय की पूजा-अर्चना कर साल भर अपने परिवार के निरोग रहने की कामना कर रहे हैं। चूंकि आज देवी तुलसी की विदाई का दिन भी है, इसलिए संगम स्नान करना अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान से जुड़ी परंपराओं और रीति-रिवाजों को लेकर लोगों में काफी उत्साह है।
कार्तिक पूर्णिमा पर सरयू में स्नान का विशेष महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू नदी में स्नान करने से उतना ही पुण्य मिलता है, जितना पूरे कार्तिक महीने भर स्नान करने से प्राप्त होता है। इस पवित्र नदी में विधि-विधान से स्नान करने, दीपदान करने और जरूरतमंदों को दान देने से ‘अक्षय पुण्य’ की प्राप्ति होती है। इसी आस्था से प्रेरित होकर, लाखों श्रद्धालु रामनगरी पहुंचे और सरयू के पवित्र जल में आस्था की डुबकी लगाई।
20 लाख श्रद्धालुओं ने सरयू में लगाई पवित्र डुबकी
पुजारी योगेंद्र ने बताया कि आज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अब तक लगभग 20 लाख श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। इस दिन सरयू नदी में स्नान करने का विशेष महत्व है। माना जाता है कि जो लोग इस दिन सरयू नदी में स्नान करते हैं और दान-पुण्य करते हैं, उनके सभी पाप धुल जाते हैं। योगी सरकार के अंतर्गत, स्नान घाटों पर बेहतरीन इंतजाम किए गए हैं और सुरक्षा के व्यापक प्रबंध भी किए गए हैं।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

