यूपी में ओवैसी ने किया AIMIM-ASP गठबंधन का ऐलान, चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ होंगे CM कैंडिडेट

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले तीसरे मोर्चे की एंट्री हो चुकी है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। लखनऊ में गुरुवार को दोनों नेताओं की मौजूदगी में इस गठबंधन की घोषणा की गई। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद रावण को इस गठबंधन की ओर से सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया। यह गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। गठबंधन की घोषणा के दौरान, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई ‘तीसरा मोर्चा’ नहीं,

Written By :

SK Sharma

Updated

November 12, 2026

AIMIM-ASP

UP Elections 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले तीसरे मोर्चे की एंट्री हो चुकी है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (ASP) ने मिलकर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाया है। लखनऊ में गुरुवार को दोनों नेताओं की मौजूदगी में इस गठबंधन की घोषणा की गई। ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद रावण को इस गठबंधन की ओर से सीएम पद का उम्मीदवार घोषित किया। यह गठबंधन यूपी की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा।

गठबंधन की घोषणा के दौरान, चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई ‘तीसरा मोर्चा’ नहीं, बल्कि ‘पहला मजबूत मोर्चा’ है। चंद्रशेखर ने कहा कि इस मोर्चे का उद्देश्य समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को एक राजनीतिक मंच प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि हमने बड़े गठबंधनों में शामिल होने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया। चंद्रशेखर ने कहा कि अब और अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनका मोर्चा अपने दम पर उत्तर प्रदेश में एक नया राजनीतिक विकल्प खड़ा करेगा।

चंद्रशेखर ‘रावण’ होंगे CM चेहरा

इस बीच, AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने चंद्रशेखर आजाद को यूपी में मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बताया है। उनका कहना है कि यह मोर्चा सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) का मुकाबला करने के लिए एक मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगा। ओवैसी ने कहा कि अब तक उनके समुदाय और अन्य वंचित वर्गों को सिर्फ एक ‘वोट बैंक’ की तरह इस्तेमाल किया गया है। अब पूरा ध्यान ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर होगा।

PDA के लिए खड़ी करेगा बड़ी चुनौती

इस घोषणा के बाद प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए नए राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। इस गठबंधन का मुख्य उद्देश्य दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाना है, साथ ही युवाओं, किसानों और समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों की वकालत करना है। माना जा रहा है कि यह गठबंधन समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले के लिए एक नई चुनौती पेश कर सकता है, जबकि विपक्षी दलों का आरोप है कि इससे अंततः चुनावों में भाजपा को फायदा हो सकता है।

तीसरे मोर्चे की एंट्री के साथ उठे सवाल

विपक्ष की राजनीति में इस गठबंधन को लेकर एक सवाल लगातार उठ रहा है- क्या ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ सच में भाजपा के खिलाफ एक तीसरी ताकत बनकर उभरेगा, या फिर इससे सिर्फ विपक्षी वोट बंट जाएंगे? राजनीतिक विरोधियों का आरोप है कि चंद्रशेखर-ओवैसी गठबंधन कई सीटों पर समाजवादी पार्टी (SP) के वोट काट सकता है, जिससे अप्रत्यक्ष रूप से BJP को फायदा मिल सकता है।

इस गठबंधन का सपा-कांग्रेस कितना पड़ेगा असर

गौरतलब है कि भले ही इस गठबंधन की घोषणा बड़े-बड़े राजनीतिक दावों के साथ की गई हो, लेकिन इसकी असली परीक्षा तब होगी जब वास्तव में वोट ट्रांसफर होंगे और चुनाव नतीजों पर इसका असर दिखेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जहां चंद्रशेखर आजाद की ‘आज़ाद समाज पार्टी’ का प्रभाव माना जाता है और जहां AIMIM मुस्लिम समर्थन को एकजुट करने की कोशिश कर रही है 2027 के चुनावों में सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि यह गठबंधन सपा-कांग्रेस गठबंधन के वोट बैंक पर कितना असर डालता है। जबकि भाजपा के एक मजबूत विकल्प का दावा करने वाले इस गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि क्या वे अपने वोटों को सीटों में बदल पाते हैं या नहीं।

हालांकि, दोनों नेताओं ने साफ किया है कि उनका मकसद किसी खास पार्टी को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि दलितों, मुसलमानों, पिछड़े वर्गों और अन्य वंचित समूहों के लिए राजनीतिक सत्ता में हिस्सेदारी हासिल करना है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का यह ऐलान जमीनी स्तर पर कैसा असर दिखाता है यानी कितने उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं, कितने वोट मिलते हैं और अंत में कितनी सीटें जीती जाती हैं।


ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत

ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)