Mohammed Shami Retirement: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट को अचानक अलविदा कह दिया है। शुक्रवार 6 नवंबर 2026 की रात लगभग 11:10 बजे, 36 वर्षीय शमी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करके अपने करियर के सबसे महत्वपूर्ण अध्याय का समापन किया। खास बात यह है कि शमी ने अपने टेस्ट करियर का समापन ठीक उसी तारीख को किया, जिस तारीख को 13 साल पहले उन्हें इसकी कैप मिली थी।
शमी ने किया भावुक पोस्ट
मोहम्मद शमी ने लिखा कि भले ही उन्होंने अपनी आखिरी टेस्ट गेंद फेंक दी हो, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व उनके दिल में हमेशा जिंदा रहेगा। शमी ने कहा, “मेरे लिए टेस्ट क्रिकेट सिर्फ एक फॉर्मेट नहीं, बल्कि मेरे जीवन का एक बेहद खास हिस्सा रहा है। आज, भारी मन और अनगिनत खूबसूरत यादों के साथ, मैंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक पोस्ट में शमी ने लिखा, “मैं सफेद जर्सी को पीछे छोड़ रहा हूं, लेकिन इससे जुड़ी यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। जब मैंने पहली बार भारत की टेस्ट जर्सी पहनी थी, तो मेरा बस एक ही सपना था, अपने देश के लिए कुछ हासिल करना। तब से, हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने मुझे कुछ न कुछ बहुमूल्य सिखाया है।”
सभी का जताया अभार
“मेरे सभी साथियों, कोचों, परिवार के सदस्यों और उन लाखों भारतीयों का दिल से शुक्रिया, जो इस पूरे सफर में मेरे साथ खड़े रहे और अच्छे-बुरे दोनों समय में मुझ पर भरोसा बनाए रखा। मैं BCCI और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) का भी तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं, जिन्होंने मेरी प्रतिभा पर विश्वास किया, मुझे आगे बढ़ने के मौके दिए और मेरे क्रिकेट सफर में अहम भूमिका निभाई। आपके समर्थन और भरोसे को मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। भले ही मैंने टेस्ट क्रिकेट में अपनी आखिरी गेंद फेंक दी है, लेकिन भारत के लिए खेलने का गर्व मेरे दिल में हमेशा जिंदा रहेगा। धन्यवाद, टेस्ट क्रिकेट। आपका, शमी।”
शमी का टेस्ट करियर
मोहम्मद शमी को काफी समय से टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है। उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी क्रिकेट मैच मार्च 2025 में खेला था। शमी के टेस्ट क्रिकेट के करियर की बात करें तो, उन्होंने अपना आखिरी मैच जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। नवंबर 2013 में अपने टेस्ट करियर की शुरुआत करने वाले इस दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने कुल 64 टेस्ट मैच खेले, जिसमें उन्होंने 27.71 की औसत से 229 विकेट लिए। इस दौरान, उन्होंने 6 बार एक पारी में 5 विकेट लिए। इसके अलावा, उन्होंने बल्लेबाजी करते हुए 750 रन बनाए, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल हैं। भारत के लिए, मोहम्मद शमी ने 108 वनडे मैचों में 206 विकेट और 25 टी20 मैचों में 27 विकेट लिए हैं।
ये भी पढ़ेंः-PAK vs ENG: शादाब-रऊफ ने 10वें विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर इंग्लैंड के जबड़े से छीनी जीत
ये भी पढ़ेंः-‘मोदी का बाप भी जाएगा’ वाले बयान पर खड़गे के खिलाफ बीजेपी का लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

