औरैया–डिस्पोजल व्यापार मंडल की ओर से जिलाधिकारी मुख्यालय पर मुख्यमंत्री से अपनी माँगों के समर्थन में डीएम श्रीकांत मिश्रा को ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें व्यापारियों ने मांग की है कि डिस्पोजल, थर्मो क्रॉकरी पर हमारा पक्ष सुनने के बाद ही कोई प्रतिबंध लगाया जाए।
योगी सरकार द्वारा प्रदेश भर में पंद्रह अगस्त से पॉलीथिन के साथ डिस्पोजल और थर्मो क्रॉकरी आदि को भी प्रतिबंधित कर दिया है। इस बाबत व्यापारी नेता और डिस्पोजल व्यापार मण्डल के नगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल का कहना था कि जिस प्रकार जीएसटी, नोटबन्दी को लागू कराने के लिए समय दिया गया वहीं प्रदेश सरकार की ओर से डिस्पोजल सामग्री पर अचानक लगाई गई रोक एक तरफा कार्रवाई है।
व्यापारी नेता का कहना था कि पॉलीथिन, क्रॉकरी और डिस्पोजल का सालाना टर्नओवर लगभग दस हजार करोड़ रुपये का है जिससे 1800 करोड़ रुपए का राजस्व सरकार को प्राप्त होता है साथ ही ये वर्ग 400 करोड़ रुपये की बिजली भी खरीदता है। डिस्पोजल पर सरकार द्वारा प्रतिबंध लगाने की वजह से इस काम से जुड़े बीस लाख लोगों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
(रिपोर्ट-वरूण गुप्ता, औरैया)

