UP में अखिलेश-डिंपल समेत सपा परिवार के एक साथ 5 सदस्‍य पहुंचे संसद

UP Loksabha Election Result 2024: लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी थीं। अब नतीजों और रुझानों पर गौर करें तो समाजवादी पार्टी ने यहां भाजपा की सीटों में बड़ी सेंध लगाई है

Written By :

SK Sharma

Updated

June 5, 2024

UP Loksabha Election Result 2024: लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश के नतीजों पर सबकी निगाहें टिकी थीं। अब नतीजों और रुझानों पर गौर करें तो समाजवादी पार्टी ने यहां भाजपा की सीटों में बड़ी सेंध लगाई है। इस बार भाजपा को यहां 2019 के मुकाबले ज्यादा नुकसान हुआ है। समाजवादी पार्टी ने 80 में से 37 सीटें जीती हैं।

इसके अलावा कांग्रेस के खाते में छह सीटें आई। जबकि एग्जिट पोल में उत्तर प्रदेश में बीजेपी को 65 से 70 सीटें मिलती दिख रही थी, लेकिन 33 सीटों पर ही सिमट गई। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव जहां अपनी सीट कन्नौज से 170922 वोटों से जीते हैं। वहीं उनकी पत्नी डिंपल यादव ने मैनपुरी से जीत दर्ज की है। डिंपल ने भाजपा के जयवीर सिंह को 2,21,639 वोटों के बड़े अंतर से हराया है। इसके अलावा उनके भाई, भतीजे सभी ने जीत दर्ज की।

यूपी की सीटों पर मुलायम परिवार का कब्जा

बता दें कि लोकसभा चुनाव 2024 में इस बार दिवंगत मुलायम सिंह (नेताजी) के परिवार से पांच सदस्य एक साथ संसद पहुंच गए हैं। चुनाव जीतने वालों में कन्नौज से अखिलेश यादव, मैनपुरी से डिंपल यादव, बदायूं से आदित्य यादव , आजमगढ़ से धर्मेंद्र यादव और फिरोजाबाद से अक्षय यादव हैं। अब लोकसभा में एक ही परिवार से 5-5 सांसद नजर आएंगे।

इस बार सबकी नज़र फिरोजाबाद से राम गोपाल यादव के बेटे और सपा प्रत्‍याशी अक्षय यादव और आदित्य यादव पर टिकी थीं। अक्षय ने जहां 89,312 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं बदायूं से शिवपाल सिंह यादव के बेटे आदित्‍य यादव ने 34991 वोटों से जीत दर्ज की।

धर्मेंद्र यादव ने निरहुआ को हराया

गौरतलब है कि इस चुनाव में यूपी की सबसे चर्चित सीटों में से एक आजमगढ़ सीट थी । यहां से अभय राम यादव के बेटे और दिवंगत मुलायम सिंह यादव के भतीजे धर्मेंद्र यादव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी और भोजपुरी कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ को 1,61,035 वोटों से हराया। इस तरह सैफई परिवार के ये सभी पांच सदस्य सपा से लोकसभा में नजर आएंगे।

ये भी पढ़ेंः- फिर सुलग उठा नंदीग्राम ! चुनाव से पहले TMC-BJP वर्कर भिड़े, महिला कार्यकर्ता की मौत के बाद बढ़ा तनाव

ये भी पढ़ें: IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका, ऋषभ पंत पर लगा इतने मैचों का प्रतिबंध, जानें वजह

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)