IND vs WI: टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को हराकर कोच गौतम गंभीर को दिया बर्थडे गिफ्ट

IND vs WI 2nd Test Highlights: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर 2-0 से सीरीज अपने नाम कर ली है। शतकवीर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मैच में कुल 8 विकेट लेने वाले कुलदीप यादव ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि आज टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर का जन्मदिन है और भारतीय टीम इस खास दिन पर अपने कोच को जीत से बड़ा तोहफा शायद कुछ नहीं दे सकती थी। भारत ने

Written By :

SK Sharma

Updated

October 14, 2025

IND vs WI

IND vs WI 2nd Test Highlights: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 7 विकेट से हराकर 2-0 से सीरीज अपने नाम कर ली है। शतकवीर यशस्वी जायसवाल और कप्तान शुभमन गिल के साथ-साथ मैच में कुल 8 विकेट लेने वाले कुलदीप यादव ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि आज टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर का जन्मदिन है और भारतीय टीम इस खास दिन पर अपने कोच को जीत से बड़ा तोहफा शायद कुछ नहीं दे सकती थी।

भारत ने पहली पारी में बनाए थे 518 रन

मैच के आखिरी दिन भारत को जीत के लिए सिर्फ 58 रनों की जरूरत थी और उसके नौ विकेट बचे थे। भारतीय टीम को आखिरी दिन साई सुदर्शन और शुभमन गिल के रूप में दो झटके लगे। हालांकि, केएल राहुल ने एक छोर संभाले रखा और टीम को एक और आसान जीत दिलाई। इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी 518/5 पर घोषित की। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने 175 रन बनाए, जबकि कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 129 रनों की पारी खेली। विपक्षी टीम के लिए जोमेल वारिकन ने तीन विकेट लिए।

जवाब में, वेस्टइंडीज अपनी पहली पारी में सिर्फ 248 रनों पर ढेर हो गई। एलिक अथानासे ने सर्वाधिक 41 रन बनाए, जबकि शाई होप ने 36 रन जोड़े। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज़्यादा पांच विकेट लिए। जबकि रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। इसके साथ ही भारत ने पहली पारी में 270 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली और मेहमान टीम को फॉलोऑन खेलने पर मजबूर कर दिया।

वेस्टइंडीज ने दिया था 121 रनों का लक्ष्य

दूसरी पारी में खराब शुरुआत के बाद, वेस्टइंडीज को जॉन कैंपबेल (115) और शाई होप (103) ने संभाला। जस्टिन इमलाच ने नाबाद 50 रन बनाकर टीम को 390 के स्कोर तक पहुंचाया। इस पारी में कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज ने दो विकेट लिए। भारत को जीत के लिए 121 रनों का आसान लक्ष्य मिला था। लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने यशस्वी जायसवाल (8) को मात्र 9 रन पर ही खो दिया। इसके बाद केएल राहुल और साई सुदर्शन ने दूसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।

IND vs WI: टीम इंडिया ने किया क्लीन स्वीप

हालांकि, साई सुदर्शन (39) के आउट होने के बाद टीम ने शुभमन गिल (13) के रूप में जल्दी-जल्दी दो और विकेट गंवा दिए। यहां से केएल राहुल ने अर्धशतक जड़ा और टीम को जीत दिलाई। राहुल 2 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 58 रन बनाकर नाबाद रहे। इस पारी में वेस्टइंडीज के कप्तान रोस्टन चेज ने 2 विकेट लिए, जबकि जोमेल वारिकन ने 1 विकेट लिया। भारत ने अहमदाबाद में खेला गया सीरीज़ का पहला मैच पारी और 140 रनों से जीता था। इसी के साथ ही भारत ने क्लीन स्वीप कर लिया है।

ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा

ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)