India vs Pakistan Women World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों से हरा दिया। टीम इंडिया द्वारा बनाए गए 170 रनों के जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 106 रनों पर सिमट गई। इस जीत की हीरो दीप्ति शर्मा (Deepti Sharma) रहीं, जिन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ़ 10 रन देकर 5 विकेट लेकर इतिहास रच दिया।
दीप्ति ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ़ मैच में 5 विकेट लेकर एक अहम उपलब्धि हासिल की। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने गुल फिरोज़ा, आयशा ज़फ़र, आलिया रियाज, नशरा संधू और तस्मिया रुबाब को आउट किया। वह अब महिला टी20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाली खिलाड़ी बन गई हैं और उन्होंने सभी दिग्गज खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया है। दीप्ति ने अब खेल के सबसे छोटे फ़ॉर्मेट में खेले गए 145 मैचों में 166 विकेट ले लिए हैं। उन्होंने इस मामले में थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग को पीछे छोड़ दिया; थिपाचा ने 105 टी20 मैचों में 165 विकेट लिए हैं।
Deepti Sharma: ऐसा करने वाली बनी पहली भारतीय
इतना ही नहीं दीप्ति ने महिला टी20 वर्ल्ड कप में किसी भारतीय खिलाड़ी द्वारा सबसे बेहतरीन स्पेल फेंकने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रेणुका ठाकुर के नाम था, जिन्होंने 2023 में इंग्लैंड के खिलाफ 15 रन देकर 5 विकेट लिए थे। जबकि दीप्ति ने 10 रन देकर 5 विकेट झटके।
350 विकेट लेने वाली दूसरी गेंदबाज
इसके अलावा, दीप्ति इंटरनेशनल क्रिकेट में 350 विकेट पूरे करने वाली दूसरी गेंदबाज बन गईं। पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट लेने के बाद, उनके इंटरनेशनल विकेटों की कुल संख्या 354 हो गई है। इस लिस्ट में उनसे आगे सिर्फ़ पूर्व भारतीय खिलाड़ी झूलन गोस्वामी हैं, जिन्होंने 355 विकेट लिए थे।
Women World Cup में भारत की पांचवी सबसे बड़ी जीत
मैच में पहले बल्लेबाज़ी करते हुए, भारतीय टीम ने अपने 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर कुल 170 रन बनाए। टीम के लिए स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाज़ी की और 44 गेंदों पर 68 रनों की दमदार पारी खेली, जबकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 36 रन बनाए। इस बीच, ऋचा घोष ने सिर्फ़ 17 गेंदों में 34 रनों की तूफ़ानी पारी खेली। 171 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए, पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रनों पर ऑलआउट हो गई। रनों के लिहाज़ से, यह महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की पांचवीं सबसे बड़ी जीत है।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

