मानसरोवर से लौट रहे यात्री पहुंचे रुपईडीहा,अधिकारियों ने की अगवानी

बहराइच — मानसरोवर की यात्रा पर गए यात्रियों का एक बड़ा जत्था मंगलवार को नेपाल से भारत के लिए रवाना हुआ। इन यात्रियों की अगुवाई के लिए भारतीय दूतावास के निर्देश पर अधिकारियों की टीम सीमा पर मुस्तैद रही।

यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य की ओर भेजने के लिए रोडवेज की 10 बसें भी लगाई गई हैं। वहीं यात्रा के दौरान एक यात्री की मौत होने के चलते उसके शव को भी सुरक्षित भेजा जाएगा। मृतक यात्री आंधप्रदेश का निवासी बताया जा रहा है।

मान सरोवर की यात्रा पर बीते पखवारे श्रद्धालुओं का बड़ा जत्था नेपालगंज होते हुए मान सरोवर को गया था। यात्रा पूरी करने के बाद कैलाश मान सरोवर से यात्री नेपाल से होते हुए भारत के लिए रवाना हुए। भारतीय दूतावास के निर्देश पर इन यात्रियों की निगरानी के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उसी के तहत मुख्य राजस्व अधिकारी राजेश कुमार, उपजिलाधिकारी सिद्धार्थ यादव, परिवहन निगम के रीजनल मैनेजर प्रभाकर मिश्रा, एआरएम इरफान समेत 20 से अधिक अधिकारी मंगलवार को रुपईडीहा पहुंचे।

 मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि मान सरोवर से आने वाले यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 10 रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार देर शाम तक आने वाले जत्थे में 103 मान सरोवर यात्री शामिल हैं। इसके अलावा आंधप्रदेश निवासी एक यात्री की मान सरोवर में मौत भी हुई है। उसके शव को सुरक्षित आंध प्रदेश भेजने की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर नेपाल सीमा में नेपाली अधिकारी भी मौजूद रहे।

(रिपोर्ट-अमरेंद्र पाठक,बहराइच)

Comments (0)
Add Comment