Paris Paralympics में नितेश कुमार ने भारत को दिलाया दूसरा गोल्ड मेडल

Paris Paralympics 2024: पेरिस पैरालिंपिक 2024 से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। पैरालंपिक में भारत के खाते में दूसरा गोल्ड मेडल (Gold Medal) आ गया है। ये गोल्ड मेडल नितेश कुमार (Nitesh Kumar) ने बैडमिंटन में दिलाया है। नितेश ने पुरुष एकल के SL3 वर्ग में ब्रिटेन के डेनियल बेथेल को 21-14, 18-21, 23-21 से हराकर यह कारनामा किया। 29 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी नितेश कुमार का यह पहला ओलंपिक पदक है। इस पैरालिंपिक में भारत के लिए पहला गोल्ड मेडल अवनि लेखरा ने निशानेबाजी में जीता था।

नितेश ने लिया बदला

बता दें कि राजस्थान में जन्मे नितेश कुमार (Nitesh Kumar) ने पहला गेम आसानी से जीत लिया था। दूसरे गेम में भी वह आगे चल रहे थे। हालांकि, बेथेल ने वापसी की और जीत दर्ज की। इस तरह मुकाबला तीसरे गेम में पहुंचा। बेथेल को एक मैच प्वाइंट भी मिला। हालांकि, नितेश ने उन्हें सफल नहीं होने दिया और 23-21 से गेम जीतकर भारत की झोली में स्वर्ण पदक डाल दिया।

इससे पहले नितेश ने 2022 विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। जबकि पिछले साल एशियाई पैरा खेलों में पुरुष युगल में स्वर्ण जीता था, जबकि एकल में उन्हें रजत से संतोष करना पड़ा था। नितेश सेमीफाइनल में बेथेल से हार गए थे। लेकिन अब नितेश ने पैरालिंपिक के फाइनल में बेथेल को हराकर अपना बदला ले लिया है।

भारत की झोली में कुल 9 पदक

गौरतलब है कि पेरिस पैरालिंपिक में भारत के खाते में अब तक कुल 9 पदक आ चुके हैं। जिसमें दो स्वर्ण के अलावा 3 रजत और 4 कांस्य पदक शामिल है। भारत ने टोक्यो 2020 में पैरालिंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। तब देश ने 8 रजत और 6 कांस्य के साथ 5 स्वर्ण जीते थे। इस बार उम्मीद है कि भारत टोक्यो से बेहतर प्रदर्शन करते हुए 20 से अधिक पदकों पर कब्जा करेगा।


ये भी पढ़ेंः- UP Weather: यूपी में झुलसाती गर्मी से मिलेगी राहत ! तीन दिन बाद सुहावना होगा मौसम

ये भी पढ़ें: IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका, ऋषभ पंत पर लगा इतने मैचों का प्रतिबंध, जानें वजह

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

Nitesh KumarNitesh Kumara Gold MedalParalympics 2024Paris ParalympicsParis Paralympics 2024नितेश कुमारपेरिस पैरालंपिकपेरिस पैरालंपिक 2024पैरालंपिक 2024