Lok Sabha elections 2024: प्रचार के अंतिम दिन सभी पार्टियों ने झोंकी ताकत, इन सीटों पर होगा मतदान

नई दिल्लीः करीब ढाई महीने से चल रहा लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Elections 2024) का सियासी घमासान गुरुवार को चुनाव प्रचार के अंतिम चरण की समाप्ति के साथ ही समाप्त हो गया। ऐसे में अब सबकी निगाहें 4 जून के नतीजों पर टिकी हैं। हालांकि इससे पहले ही राजनीतिक दलों ने अपनी जीत के दावे करने शुरू कर दिए हैं। इस बीच चुनाव प्रचार के अंतिम चरण के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत दिखाई।

अंतिम दिन इन दिग्गजों ने किया प्रचार

पीएम मोदी, जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने रोड शो और रैलियां कीं, जबकि ममता बनर्जी ने आठ किलोमीटर लंबी पदयात्रा की। अंतिम चरण के लिए मतदान एक जून को होगा। अंतिम चरण में जिन आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 57 सीटों पर मतदान होगा, उनमें उत्तर प्रदेश और पंजाब की 13-13, बिहार की आठ, पश्चिम बंगाल की नौ, ओडिशा की छह, हिमाचल प्रदेश की चार, झारखंड की तीन और चंडीगढ़ की एक सीट शामिल है।

चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पीएम मोदी ने पंजाब के होशियारपुर में अपनी आखिरी रैली को संबोधित किया। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने 206 रैलियों के अलावा रोड शो भी किए। पूरे चुनाव प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर जोरों पर रहा। दूसरे चरण के बाद प्रचार का स्वरूप तेजी से बदला।

विपक्ष ने एनडीए सरकार आने पर संविधान बदलने और आरक्षण खत्म करने की धमकी दी। पलटवार करते हुए भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनी तो ओबीसी आरक्षण छीनकर मुसलमानों को दे दिया जाएगा। इस बीच दोनों तरफ से तीखे हमले हुए, शब्दों की मर्यादा भी टूटी। आखिरी दिन होशियारपुर में पीएम ने कहा कि विपक्ष उन्हें बोलने के लिए मजबूर न करे, नहीं तो सात पीढ़ियों के पाप उजागर हो जाएंगे। पीएम मोदी वहां से सीधे कन्याकुमारी के लिए रवाना हो गए। यहां वे करीब 48 घंटे ध्यान करेंगे।

इसके अलावा प्रचार के आखिरी दिन गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी कई रैलियों और रोड शो को संबोधित किया। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन राहुल गांधी ने ओडिशा और पंजाब में रैलियां और रोड शो किए, जबकि प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में रैलियां और रोड शो किए। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने पीएम मोदी पर निशाना साधा।

पीएम मोदी समेत कई दिग्गज मैदान में

बता दें कि लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण में मैदान में उतरे प्रमुख चेहरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हैं। वह वाराणसी से चुनाव लड़ रहे हैं। इसके साथ ही इस चरण के चुनाव में शामिल अन्य प्रमुख चेहरों में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी, अभिनेत्री कंगना रनौत, लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती, ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी आदि शामिल हैं।

रीब ढाई महीने के इस चुनाव प्रचार में राम मंदिर, अनुच्छेद 370, महंगाई, बेरोजगारी जैसे तमाम मुद्दे उठे, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा कांग्रेस की तरफ से भाजपा द्वारा संपत्ति छीनने और बांटने और कांग्रेस की तरफ से भाजपा द्वारा संविधान बदलने के मुद्दे की हुई। दोनों ही पार्टियों ने हर मौके पर इस मुद्दे को उठाया। भाजपा ने संपत्ति छीनने और दूसरों को बांटने के इस मुद्दे को राहुल गांधी के उस बयान के बाद उठाया, जिसमें उन्होंने जातिगत जनगणना के साथ ही देश के संसाधनों और संपत्तियों का एक्स-रे कराने की बात कही थी।

ये भी पढ़ेंः- फिर सुलग उठा नंदीग्राम ! चुनाव से पहले TMC-BJP वर्कर भिड़े, महिला कार्यकर्ता की मौत के बाद बढ़ा तनाव

ये भी पढ़ें: IPL 2024: दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका, ऋषभ पंत पर लगा इतने मैचों का प्रतिबंध, जानें वजह

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

7th Phase of VotingLast Phase of VotingLok Sabha ElectionLok Sabha Election 2024