गोंडा में खेत की सिंचाई कर रहे बुजुर्ग की गोली मार हत्या, बेटे की हालत नाजुक

गोंडा– जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब  खेत में पानी लगाने गए किसान की बदमाशों ने गोली मार हत्या कर दी। वहीं एक गोली उसके बेटे को भी लगी। जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया।

परिवारीजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों की जल्द ही पकड़ने की बात कह रही है। पूरा मामला देहात कोतवाली क्षेत्र के माधवपुर गांव का है। जहां रात को मक्के के खेत की सिंचाई कर रहे किसान लक्ष्मण (65) की हमलावरों ने गोली मार निर्मम हत्या कर दी। हमले में पुत्र अशोक भी बुरी तरह घायल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। गंभीर रुप से घायल अशोक को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया।

पुलिस हमलावर की तलाश में कई ठिकानों पर छापेमारी में जुट गई है। पूछताछ के लिये कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। एसपी लल्लन सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नही मिली है, घटना जघन्य है, हमलावरों को जल्दी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments (0)
Add Comment