महाराष्ट्र में भारी बारिश के बीच रत्नागिरी में बांध टूटा, 6 की मौत, 20 से ज्यादा लापता

न्यूज डेस्क — महाराष्ट्र के कई इलाकों में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा होती जा रही है. मुंबई, पुणे, ठाणे, नासिक, रत्नागिरी समेत कई इलाकों में तेज बारिश हो रही है।

इसी बीच रत्नागिरी जिले में पानी के ओवरफ्लो की वजह से देर रात तिवरे बांध टूट गया।जिससे उसके पास बसे 7 गांव डूब गए हैं। छह लोगों की मौत हो गई और 20 लापता बताए जा रहे हैं। इसके अलावा स्थानीय प्रशासन का कहना है कि बांध के पास बने 12 घर पानी में बह गए।

वहीं स्थानीय प्रशासन, पुलिस और वॉलंटियर्स के अलावा नेशनल डिजास्टर रिस्पांस फोर्स  (एनडीआरएफ) बचाव और राहत कार्य में जुटी है। इनका कहना है कि मरने वालों की तादाद बढ़ सकती है। बता दें कि तिवरे बांध साल 2000 में बना था। स्थानीय लोगों का दावा है कि उन्होंने दो साल पहले जिला प्रशासन को इसमें पानी रिसने की जानकारी दी थी, लेकिन कोई मरम्मत नहीं हुई। उधर, मौसम विभाग ने महाराष्ट्र में बुधवार को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है।

मुंबई लगातार 6 दिन से बारिश हो रही…

मुंबई में बारिश का सिलसिला बीते 6 दिनों से जारी है। मुंबई मौसम विभाग ने बुधवार को भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई में भीषण बारिश ने 2005 की बाढ़ की यादें ताजा कर दी हैं। यहां सोमवार की रात पांच घंटे में करीब 15 इंच बारिश रिकॉर्ड की गई यानी हर घंटे औसतन 3 इंच बारिश हुई। यह अब तक की सबसे तेज बारिश है।

बारिश की वजह से मुंबई की रफ्तार धम सी गई है एयरपोर्ट भी बंद करना पड़ा। 203 फ्लाइट रद्द और 55 डायवर्ट की गई। जबकि 7 ट्रेनें भी रद्द करनी पड़ीं।वहीं भारी बारिस के बीच सरकार ने मंगलवार को मुंबई में दो दिन की छुट्टी घोषित कर दी है। बचाव कार्य में एनडीआरएफ और नौसेना को भी तैनात किया गया है। 

महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी घटनाओं में सोमवार और मंगलवार को 33 लोगों की मौत हो गई। इसमें मुंबई में 21, पुणे में 6 और कल्याण में 3, नासिक में 3 की जान गई। मुंबई के मलाड ईस्ट के पिम्परीपाड़ा में सोमवार देर रात 11:30 बजे दीवार गिरने से 21 की मौत हो गई और 75 जख्मी हो गए थे।

Comments (0)
Add Comment