सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दी नवरात्रि एवं विजयदशमी की बधाई

लखनऊ–उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने शारदीय नवरात्रि एवं विजयदशमी (दशहरा) के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जगत की समस्त व्यवस्थाओं को आदिशक्ति भगवती संचालित करती हैं। 

इनके अनन्त रूप हैं लेकिन प्रधान नौ रूपों में नवदुर्गा बनकर आदिशक्ति सम्पूर्ण पृथ्वीलोक पर अपनी करुणा की वर्षा करती हैं। माँ भगवती भक्तों और साधकों में अपनी ही शक्ति का संचार करते हुए, करुणा एवं परोपकार के द्वारा संसार के प्राणियों का हित करती हैं।

भारतीय संस्कृति में माँ दुर्गा की उपासना का अत्यधिक महत्व है। माँ दुर्गा शक्ति की अधिष्ठात्री देवी हैं। इस चराचर जगत् की शक्ति, आदि शक्ति माँ दुर्गा हैं।मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दशहरा पर्व सम्पूर्ण भारत में परम्परागत श्रद्धाभाव एवं हर्षाेल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीराम ने रावण का वध किया था। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम सत्य, मर्यादा, न्याय, शांति, परोपकार और समाज कल्याण हेतु समर्पित थे। भगवान श्रीराम द्वारा रावण के वध से अधर्म पर धर्म की विजय हुई थी।

बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक विजयदशमी पर्व, सद्मार्ग पर चलने एवं आदर्श जीवन जीने की प्रेरणा प्रदान करता है। यह पर्व हमें ऊर्जा, उत्साह और आशा के साथ अपने लक्ष्य को प्राप्त करने का संदेश देता है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा तथा विजयदशमी के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में विभिन्न वर्गों की सहभागिता से सामाजिक समरसता सुदृढ़ होती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से इन पर्वों को पारस्परिक सद्भाव एवं सौहार्द के वातावरण में मनाने की अपील भी की है।

Comments (0)
Add Comment