बहराइच में मूर्ति विसर्जन के दौरान लगे देश विरोधी नारे, पुलिस प्रशासन अलर्ट

बहराइच– बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार में तीन दिन पूर्व हुए बवाल के बाद अराजक तत्वों ने पाकिस्तान जिंदाबाद व हिंदुस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी व एसपी खैरा बाजार पहुंच गए। स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन इस मामले में जांच कराने की बात कह रहा है। वीडियो में नारेबाजी कर रहे लोगों को चिह्नित करने के लिए पुलिस जुट गई है। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार को खैरा बाजार में हुए बवाल के बाद अराजक तत्वों ने पथराव व तोड़फोड़ की।

बवाल के बाद विशेष समुदाय के लोगों ने पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए। नारेबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मच गई। सोमवार को जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव व एसपी सभा राज खैरा बाजार पहुंचे।

स्थिति का जायजा लिया। अराजक तत्वों के बारे में जानकारी ली। शांति बनाए रखने की अपील की। हालाकि नारेबाजी का वायरल हुए वीडियो पर एसपी बोलने को तैयार नहीं हैं। एएसपी ग्रामीण रवींद्र सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो उनके पास भी पहुंचा है। मामले की जांच कराई जा रही है। वीडियो में नारेबाजी कर रहे लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।

(रिपोर्ट- अनुराग पाठक, बहराइच)

Comments (0)
Add Comment