Ajinkya Rahane Retirement: टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। रहाणे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक इमोशनल वीडियो के जरिए अपने शानदार करियर को विराम देने का ऐलान किया। दरअसल रहाणे लंबे समय से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ एक टेस्ट जुलाई 2023 में खेला था। वहीं, उनका आखिरी वनडे 2018 में और अंतिम टी20 इंटरनेशनल मैच 2016 में खेला था।
Ajinkya Rahane ने शेयर किया भावुक वीडियो
रहाणे ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो शेयर करते हुए कहा कि उन्हें लगा कि इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का यही सही समय है। उन्होंने कहा, “जिंदगी की सच्चाई यही है कि हर चीज की शुरुआत और अंत होता है। जब समय आता है, तो आपको बस उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने अपनी बैटिंग में हमेशा सही टाइमिंग पर भरोसा किया है और हमेशा इसके महत्व को समझा है। आज, मुझे लगता है कि मेरे लिए आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट और खेल के सभी फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा करने का सही समय है।”
रहाणे ने कहा कि उन्होंने इस खेल के लिए अपना सब कुछ दिया और हमेशा ईमानदारी से खेला। हालांकि, उन्होंने कहा कि खेल के साथ उनका सफर अभी खत्म नहीं हुआ है। रहाणे ने BCCI, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन, हर IPL फ्रैंचाइजी, अपने परिवार और अपनी पत्नी राधिका के साथ-साथ उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जो उनके करियर के दौरान उनके साथ खड़े रहे।
रहाणे का शानदार रहा करियर
अजिंक्य रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने 38 की औसत से 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे में, उन्होंने 35 की औसत से 2,962 रन बनाए, जिसमें 3 शतक और 24 अर्धशतक शामिल हैं। खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में, उन्होंने 113 के स्ट्राइक रेट से 375 रन बनाए। तीनों प्रारूपों को मिलाकर रहाणे ने 35.95 की औसत 8414 रन बनाए। इस दौरान 15 शतक और 51 अर्धशतक लगाए।
रहाणे आईसीएल खेलेंग या नहीं
बता दें कि अजिंक्य रहाणे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के पिछले सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के कप्तान थे, लेकिन अब वह इस T20 लीग में भी नहीं खेलेंगे। रहाणे ने साफ तौर पर कहा कि वह क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले रहे हैं। उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में छह अलग-अलग टीमों के लिए 212 मैच भी खेले। आईपीएल मैचों में 30.15 की औसत से 5367 रन बनाए। उन्होंने आईपीएल में 2 शतक और 35 अर्धशतक जड़े। रहाणे ने आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, राइजिंग पुणे सुपरजायंट, चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स का प्रतिनिधित्व किया।
कप्तान के तौर पर रहाणे का शानदार रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे उन चुनिंदा भारतीय खिलाड़ियों में से एक हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में भारतीय की कप्तानी की। कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने छह टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी की, जिसमें चार जीत और दो मैच ड्रॉ रहे; खास बात यह है कि उनकी कप्तानी में भारत एक भी टेस्ट मैच नहीं हारा।
खास बात ये रही है कि रहाणे की कप्तानी में भारत ने ऐतिहासिक बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज भी जीती थी, जिसमें विराट कोहली नहीं थे और अधिकतर खिलाड़ी चोटिल थे। वनडे मैचों में रहाणे ने तीन बार टीम की कप्तानी की और तीनों ही मैचों में भारत को जीत मिली। वहीं, T20 इंटरनेशनल में उन्होंने दो मैचों में टीम की कप्तानी की, जिसमें एक में जीत और दूसरे में हार मिली।
ये भी पढ़ेंः-Viral Girl Monalisa: खूबसूरती’ बनी मुसीबत ! महाकुंभ छोड़ने को मजबूर हुई मोनालिसा
ये भी पढ़ें:-प्रेमी ने प्रेग्नेंट कर छोड़ा, मां-बाप ने घर से निकाला, मसीहा बने दारोगा ने खुशियों से भर दी झोली
(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें। आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं…)

